छत्तीसगढ़

भिलाई टाउनशिप में दुर्गा पंडाल में पार्किंग शुल्क नहीं देने पर चाकू से हमला,  आरोपी गिरफ्तार

By Dinesh chourasiya

बीएसएनएल चौक सेक्टर-2 पर स्थित दुर्गा पंडाल के पास सड़क पर वाहनों से अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पार्किंग करने वाले शास्त्री नगर खुर्सीपार निवासी सोहेल ने शंकर नगर दुर्ग निवासी शुभम पर चाकू से हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट के बाद शुभम को अस्पताल भर्ती कराया गया है। शुभम अपने परिवार के साथ दुर्गा देखने के लिए दुर्गा पंडाल पहुंचा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 294, 324, 327, 506 बी के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात की है। शंकर नगर शुभम बाइक खड़ी करके जाने लगा। तभी आरोपी सोहेल उर्फ गबरू पहुंचा और पार्किंग शुल्क मांगने लगा। जब शुभम ने सरकारी जमीन पर बाइक खड़ी करने की बात की तो आरोपी सोहेल विवाद करने लगा। इस बीच अपने पास रखे धारदार हथियार से उसके पेट पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पुलिस पहुंची। शुभम को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उसके पेट में 14 टांके आए। बता दें कि प्रतिवर्ष नवरात्र में टाउनशिप में अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। इसे लेकर माता दर्शन के लिए पहुंचने वालों के साथ दुर्गा पंडाल समितियों का लगातार विवाद भी हो रहा है। लेकिन ऐसी घटनाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया है।

Related Articles

Back to top button