
भिलाई में भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन:2 करोड़ रुपए की लागत से बने भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे कई बड़े नेता
By Dinesh chourasiya
भारतीय जनता पार्टी जिला भिलाई को उनका खुद का नया कार्यालय मिल गया है। भिलाई के प्रियदर्शनी परिसर पू्र्व में स्थित नए भाजपा कार्यालय में सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद है। जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया और उनकी पत्नी ने कथा पूजन के साथ कार्यालय उद्घाटन किया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने नए कार्यालय के बारे में कहा कि भारतीय जनता पार्टी भिलाई जिला को अपना खुद का कार्यालय मिला है। यह काफी खुशी की बात है। सबसे बड़ी बात यह है कि रथ यात्रा के पावन अवसर पर इस कार्यालय का उद्घाटन पूजन हुआ है। इससे पार्टी को और ताक और मजबूती मिलेगी। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया नए भाजपा कार्यालय को पाकर काफी खुश रहे। वो अपनी पत्नी के साथ मुख्य जजमान बनकर वास्तु और गृह प्रवेश की पूजा पर बैठे। जिलाध्यक्ष का कहना है कि भिलाई जिला को कई सालों से इंतजार था कि उन्हें अपना जिला कार्यालय मिले। आज वो इंतजार खत्म हो चुका है। अब हमें बैठक और अन्य आयोजन के लिए दूसरी जगह नहीं खोजनी पड़ेगी। हमारे पास सर्व सुविधा और पर्याप्त जगह वाला भाजपा कार्यालय आ गया है। इस कार्यालय के बनने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।








साल 2023 के विधानसभा चुनाव की बनेगी रणनीति
नए भाजपा कार्यालय को लेकर अन्य नेताओं का कहना है कि यह कार्यालय विधानसभा चुनाव के मौके पर खुला है। इससे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को काफी ताकत मिलेगी। विधानसभा से जुड़ी हर तरह की गतिविधि इसी कार्यालय से हो सकेंगी।

नए भाजपा कार्याल्य की विशेषता
भाजपा नेता विजय जायसवाल ने बताया कि भाजपा कार्यालय की जमीन लगभग 10 हजार वर्ग फिट है। इसमें बिल्डिंग का निर्माण 6 हजार वर्गफिट में हुआ है। भवन के अंदर अध्यक्ष, विशेष अतिथि सहित अन्य पदाधिकारियों के कक्ष स्थित है। ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग ट्वायलेट की सुविधा है। सभी रूम एयर कंडीशन से युक्त हैं। साथ ही साथ बडी़ से छोटी बैठक लेने के लिए यहां दो बड़े कांफ्रेंस हाल भी इस भवन में हैं। लागत की बात करें तो ये भवन लगभग डेढ़ से दो करोड़ रुपए की लागत से बना है।

कार्ड में था कई बड़े नेताओं का नाम नहीं पहुंचे अधिकतर
मीडिया सहप्रभारी ठाकुर रणजीत सिह ने बताया कि आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, संगठन महामंत्री पवन साय, नेता प्रतपक्ष नारायण चंदेल, दुर्ग सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद सरोज पांडे, पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे, भूपेंद्र सवन्नी, नंदन जैन, संदीप शर्मा, चेम्मन देशमुख, राकेश पांडेय आदि शामिल होंगे। लेकिन कार्यक्रम में न तो पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह आए ने पवन साय, नारायण चंदेल आए। यहां तक की राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय भी नहीं पहुंची।











