
विधायक वोरा ने करहीडीह वार्ड में लगाई जनचौपाल सड़क, नाली व पानी की समस्या दूर करने के दिए निर्देश
वार्ड क्रं. 15 करहीडीह में सुबह से ही वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने बरगद पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर वार्डवासियों की समस्या सुनी। वार्डवासियों ने वोरा से शिकायत करते हुए कहा कि साफ-सफाई, पेयजल, सड़क नाली जैसी मूलभूत आवश्यक है। खराब सड़कें दिखाते हुए रोड़ सीमेंटीकरण की मांग की वहीं नहर नाली के अधूरे निर्माण से हो रही परेशानियों से भी अवगत कराया।
समस्या सुन तत्काल निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को बुलवाकर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही करहीडीह वार्ड में 16.50 लाख के सड़क सीमेंटीकरण व नाली निर्माण, 20 लाख से मेन रोड सीमेंटीकरण, 27 लाख के मुक्तिधाम में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। साथ ही निगम के अधिकारियों से कहा कि शहर के विकास कार्यो में तेजी लाई जाए।







पटरीपार के क्षेत्र में निगम अधिकारी कैम्प लगाएं और लोगों की सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करें। बरसात सामने है निचली बसी बस्तियों से पानी निकासी नहीं होने के कारण हर वर्ष बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है जिसके समाधान के लिए तत्काल एहतियाती कदम उठाते हुए सभी नाले-नालियों की सफाई करवाई जाए। उन्होंने खराब सड़कों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सभी गरीब बस्तियों में सड़कों के सीमेंटीकरण के लिए राशि का प्रावधान कर कार्य प्रारम्भ करवाया जाए ताकि बरसात में लोगों को परेशानी ना हो।
वोरा ने वार्डवासियों से कहा कि कांग्रेस की सरकार जनता से जुड़ी हर समस्या का निराकरण करने का पूरा प्रयास किया है। जनहित के कार्यो में जहां जहाँ पैसे की कमी आएगी वे शासन स्तर पर बजट दिलाने में कोई कमी नहीं करेंगे। इस दौरान पार्षद उषा ठाकुर, खिलावन मटियारा, देव सिन्हा, संदीप श्रीवास्तव, विनिश साहू, मो. उस्मानी, मोहन साहू, मोतीलाल साहू, राजू निषाद, निगम के कार्यपालन अभियंता राजेश पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, विद्युत विभाग के श्री केवलानी, आरके पालिया, इंजीनियर राजेन्द्र ढवाले सहित वार्डवासी मौजूद थे।







