
सीएम भूपेश बघेल बने डॉक्टर : हेमचंद यादव यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में मिली पीएचडी की मानद उपाधि
By Dinesh chourasiya









दुर्ग 24 अप्रैल 2023/ हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के प्रथम दीक्षांत समारोह व आठवीं विश्वविद्यालय स्थापना दिवस समारोह कार्यक्रम में आज भिलाई इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी ऑडिटोरियम में संपादित हुआ। जहां समारोह की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री बिश्वभूषण हरिचंदन द्वारा की गई, माननीय राज्यपाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े थे। वहीं मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल समारोह के मुख्य अतिथि बने। आज के दीक्षांत समारोह में 13 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्री और 135 छात्र छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। समारोह में पर्यावरण संरक्षण व समाज कल्याण की दिशा में अद्वितीय कार्य के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और 47 वर्षों से कला की साधना करने वाली पंडवानी गायिका पद्मश्री श्रीमती उषा बारले को मानद उपाधि दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल में पोटिया कला में 40 एकड़ रकबे व 12 करोड़ की लागत से निर्मित हो रहे नए हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के लिए ऑडिटोरियम और श्री नरेंद्र देव वर्मा शोधपीठ के स्थापना की घोषणा की।




महामहिम राज्यपाल श्री बिश्वभूषण हरिचंदन ने अपने उद्बोधन में शिक्षा को सबसे ताकतवर हथियार बताया। उन्होंने दीक्षांत समारोह में उपस्थित शोधकर्ताओं व छात्र-छात्राओं दी जाने वाली उपाधि व स्वर्ण पदक को उनके सालों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने इस बात की खुशी जताई की विद्यार्थी अपने जीवन की नये पड़ाव पर प्रवेश कर रहे हैं। भविष्य मे कई चुनौतियां आएगी लेकिन नये अवसर भी प्राप्त होंगे। बेहतर भविष्य का निर्माण हो इसके लिए आपके पास शिक्षण सत्र में अर्जित किया गया ज्ञान और कौशल दोनो है। जिसे आप अपनी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और जिज्ञासा से प्राप्त करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा ने जो शक्ति प्रदान की है, उसे आप अपने भविष्य निर्माण और समाज के निर्माण में लगाएं। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।















