जामुल से अहिवारा तक सड़क के बीच से 10 पोल शिफ्ट नहीं, हादसे का खतरा विभागों के बीच सिर्फ पत्राचार:
प्रबंधक संपादक दिनेश चौरसिया

अहिवारा से जामुल तक सड़क निर्माण के बीच बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मार्ग पर डामरीकरण तक लगभग पूरा किया जा रहा है, लेकिन सड़क के बीच आने वाले बिजली के खंभों को आज तक शिफ्ट नहीं किया गया। इससे हादसा होने का खतरा बढ़ गया है।
निर्माणाधीन सड़क के बीच-बीच में करीब 10 विद्युत पोल लगे हुए हैं, जिसे पीडब्ल्यूडी विभाग और अहिवारा नगर पालिका द्वारा पत्राचार करने के बाद भी बिजली विभाग ने नहीं हटाया है। दूसरी ओर बिजली कंपनी द्वारा पोल शिफ्टिंग के लिए भुगतान नहीं किए जाने की बात कही जा रही है।







इस पेंच के बीच लोगों को हादसे का खतरा बना हुआ है। नगर पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार ने बताया कि पोल हटाने के लिए उनके द्वारा भी बिजली विभाग को पत्र लिखा गया है। लेकिन इस दिशा में कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
कंपनी कह रही- भुगतान के कारण काम अटका
लोक निर्माण विभाग के अफसरों के मुताबिक उन्होंने बिजली विभाग को आवेदन दिया था, जिसमें कहा गया था कि काम पीडब्ल्यूडी द्वारा किया जाएगा और उसका प्राक्कलित सुपरविजन बिजली विभाग करेगा। इसके बाद बिजली कंपनी द्वारा सड़क में आने वाले सभी पोल को हटाने में लगने वाले खर्च का विवरण और भुगतान के लिए ड्राफ्ट बनाकर पीडब्ल्यूडी को भेजा, जिसमें बिजली कंपनी के अफसरों ने बताया कि पोल हटाने की स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें क्रमांक 324749 और 251463 के पोल को हटाने के लिए अब तक भुगतान नहीं किया गया है।








