दुर्ग निगम कार्यालय में खुलेआम चली दारू पार्टी:राजस्व अधिकारी और पूर्व पार्षद पी रहे थे शराब, पत्रकार ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया
By Dinesh chourasiya

दुर्ग नगर कार्यालय में दिनदहाड़े ड्यूटी टाइम में राजस्व अधिकारी और पूर्व पार्षद की दारू पार्टी का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दोनों अधिकारी शराब की बोतल टेबल पर लेकर बैठे हैं। कैमरा देखते ही उन्होंने वीडियो बनाने का विरोध किया। कलेक्टर ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।

इसी दौरान वहां खड़े किसी पत्रकार ने वहां का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देखकर दुर्गेश गुप्ता उठकर बाहर आ गए और मीडिया कर्मी को मना करने लगे। जबकि पूर्व पार्षद पटेल शराब की बोतल लेकर बैठे थे। इसके बाद उन्होंने शराब की बोतल को उठाकर टेबल के नीचे रख दिया।







जब राजस्व अधिकारी से सरकारी कार्यालय में दारू पीने की बात पूछी गई तो उन्होंने कहा कि वो पूर्व पार्षद प्रमोद पटेल शराब पीने बैठे हैं। वो तो उन्हें मना करने के लिए गए थे। वीडियो में दुर्गेश गुप्ता यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि कई बार ऐसा करना पड़ता है, मना नहीं कर सकते हैं।
वीडियो बनाने से रोकने पर हुई बहस
जब दुर्गेश गुप्ता को पता चला कि पत्रकार वीडियो बना रहा है तो उन्होंने उसे ऐसा करने मना किया। उन्होंने पत्रकार का हाथ तक पकड़ा। जब पत्रकार नहीं माना तो उनके बीच मान मनौवल का दौर शुरू हुआ।




शराब पीने से मना करने गए थे राजस्व अधिकारी
राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि पूर्व पार्षद प्रमोद पटेल निगम कार्यालय में बैठकर शराब पी रहे हैं। इस पर वो उन्हें मना करने गए थे। इसी दौरान पत्रकार ने उनका वीडियो बना लिया। उनका कहना है कि वो शराब नहीं पी रहे थे।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
जब ये मामला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के संज्ञान में आया तो उन्होंने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। एडिशनल कलेक्टर का कहना है कि मामले में कार्रवाई करने का अधिकारी निगम आयुक्त को है। उन्होंने उन्हें जानकारी दे दी है। वो इसकी जांच कर कार्रवाई करेंगे। वहीं जब दुर्ग नगर निगम के आयुक्त लोकेश चंद्राकर को फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।




