छत्तीसगढ़ में भालुओं ने 5 लोगों को नोचा,एक की मौत:पेंड्रा में 2 लोगों की हालत नाजुक, कोंडगांव में भी 2 लोगों की हालत गंभीर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भालुओं ने 3 लोगों पर अटैक कर दिया, जिससे एक की मौत हो गई है, जबकि 2 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं कोंडागांव में मशरूम लेने जंगल गए 2 लोगों पर हमला कर दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक मरवाही रेंज के बदरौड़ी में हरेली त्योहार मनाने के लिए जंगल में तेंदू की लकड़ी तोड़ने गए 3 ग्रामीणों पर भालुओं ने हमला किया। हमले में छाबलाल गोंड (28) की मौत हो गई। संतलाल और सिवनी के रहने वाले घासीराम गोंड़ की हालत नाजुक है।








भालुओं ने ग्रामीणों को नोच डाला
परिजनों ने बताया कि सिवनी और बदरौड़ी के बीच कोकड़टोला के जंगल में भालुओं से सामना हुआ है। इस दौरान तीनों लोगों ने भालुओं से मुकाबला करने की कोशिश की, लेकिन भालू काफी आक्रामक थे। छाबलाल को भालुओं ने बेरहमी से नोच डाला। संतलाल और घासीराम को मरवाही से गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।
उत्खनन और कटाई के कारण भालू हिंसक




मरवाही डीएफओ रौनक गोने ने बताया कि इससे पहले भी 30 जुलाई को मरवाही रेंज के ही रटगा गांव में पति पत्नी पर भालुओं ने हमला कर दिया था। जंगल में लगातार हो रहे उत्खनन और कटाई के चलते भालू लगातार हिंसक हो रहे हैं। वहीं मरवाही रेंजर और SDO ने फोन नहीं उठाया।
कोंडागांव में भी भालुओं ने किया हमला
कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के लुभा गांव के जंगल में चार लोग मशरूम लेने जंगल गए थे। इस दौरान 2 लोग अलग जगह पर थे और दो लोग अलग जगह पर थे। इस दौरान अचानक भालू ने 2 लोगों पर हमला कर दिया। बालनाथ गोंड और सुबोध गोंड पर हमला किया है। घुटने और जांघ में चोंटे आई हैं। इलाज जारी है।

लुभा अस्पताल में वन प्रशिक्षु (IFS) परिक्षेत्र अधिकारी माकड़ी नवीन कुमार घायलों को देखने पहुंचे। उनका हाल-चाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली। साथ ही कहा कि घायलों को जो भी नियमानुसार वन अमले से मदद मिलनी है, वह दी जाएगी। घायलों की देखरेख भी वनकर्मी कर रहे हैं।




