
मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बालोद पुलिस की कार्रवाई, तीन दोपहिया वाहन बरामद
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
अविनाश साहू संवादाता पत्रकार
बालोद (छत्तीसगढ़), 29 अगस्त 2026। बालोद पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों की जांच के दौरान एक अंतरजिला दोपहिया वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा समेत तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को अर्जुन्दा में एक मकान के सामने खड़ी मोटरसाइकिल और बालोद जिला न्यायालय के पास खड़ी दूसरी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चव्हाण के निर्देशन में साइबर सेल और थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदेही की पहचान की और उमेश यादव उर्फ सन्नाटा (40) को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अर्जुन्दा और बालोद से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही धमतरी-कुरूद क्षेत्र से एक एक्टिवा चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर तीनों दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद और अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में पहले से कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में साइबर सेल बालोद तथा थाना अर्जुन्दा और गुण्डरदेही पुलिस की विशेष भूमिका रही।










