दुर्ग में रक्षाबंधन की रात युवक की हत्या:गाली-गलौज के विवाद में चाकू-पत्थर से हमला,
By Dinesh chourasiya

दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन की देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर खाना खाकर लौट रहे तीन दोस्तों का रास्ते में कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार चाकू देखकर वे पीछे हट गए।







जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन की रात धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद घर लौट रहा था। तीनों चंडी मंदिर नयापारा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उनका सामना हुआ। किसी बात को लेकर पहले गाली-गलौज हुई।
फिर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद के दौरान धन्ना ने विरोध किया तो आरोपी उस पर टूट पड़े। आरोपियों ने पहले चाकू से हमला किया और फिर पत्थर से भी वार किए। हमले में धन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुए हमले से उसके दोनों दोस्त भी घबरा गए।
दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन चाकू देखकर पीछे हटे




हमले के दौरान धन्ना के दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार चाकू देखकर वे अपनी जान के डर से ज्यादा आगे नहीं बढ़ सके। कुछ देर बाद आरोपी मौके से भाग निकले और धन्ना गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा।
इसके बाद उसके दोस्तों ने किसी तरह उसे ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद धन्ना को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, हत्या में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और हमले के पीछे आरोपियों की मंशा का पता लगाने में जुटी है।





