देश-विदेश

आश्रम फ्लाईओवर बंद होने से नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर भीषण जाम, वाहनों की रफ्तार थमी

 

 

नई दिल्ली : दिल्ली में आश्रम फ्लाईओवर बंद होने के कारण लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। नोएडा से दिल्ली और दिल्ली से नोएडा आने-जाने वाले लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी लोग जाम से परेशान रहे। सड़कों पर कई किमी लम्बा जाम देखने को मिला। वहीं मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी नदारद दिखे।

 

 

दिल्ली में जाम के कारण गाड़ियां रेंगती हुई दिखी। बता दें, आश्रम फ्लाईओवर को निर्माण के कारण 1 जनवरी से बंद कर दिया गया है। जिसके चलते इस रूट पर जाने वाला ट्रैफिक नोएडा 14-ए-चिल्ला बॉर्डर की तरफ डायवर्ट हुआ है। जहां गाड़ियों का भीषण जाम लगा रहा।

बताया जा रहा है कि डेढ़ महीने के लिए आश्रम फ्लाईओवर बंद रहेगा। आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी फ्लाईओवर से जोड़ा जा रहा है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी कर बताया गया था कि आश्रम फ्लाईओवर को नया डीएनडी फ्लाईओवर तक विस्तार करने के लिए 1 जनवरी से आश्रम फ्लाईओवर रोड के दोनों कैरिज-वे कनेक्टिंग रोड के निर्माण की वजह से बंद हो जाएंगे। हालांकि, इस दौरान फ्लाईओवर के नीचे की तरफ के रिंग रोड के दोनों कैरिज-वे ट्रैफिक के लिए चालू रहेंगे।

 

Related Articles

Back to top button