Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़राज्य
Trending

बालोद में वन महोत्सव की तैयारी तेज, 13 जुलाई को मिशन अंकुर के तहत होगा वृहद सीड बॉल रोपण अभियान

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा की, 2.39 लाख सीपीटी ट्रेंच में होगा सीड बॉल रोपण, समाज के सभी वर्गों की सहभागिता पर जोर

 

,

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 07 जुलाई 2026

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों की बैठक लेकर वनमहोत्सव के अवसर पर जिले में वृहद वृक्षारोपण अभियान के तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को वृहद वृक्षारोपण कार्य में समाज के सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कर अधिक से अधिक पौधरोपण करने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने जिला प्रशासन द्वारा मिशन अंकुर के अंतर्गत आगामी 13 जुलाई को डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत गुजरा के ग्राम पंडवाल में सीड बाॅल रोपण हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी जानकारी दी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। 

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से वन महोत्सव के दौरान आयोजित वृहद वृक्षारोपण अभियान के अवसर पर अधिक से अधिक पौधरोपण हेतु पौधों की उपलब्धता एवं ट्रेंच निर्माण आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। उन्होंने इस कार्य में महिला एवं ग्रीन कमाण्डो, एनसीसी एवं एनएसएस के विद्यार्थियों सहित समाज के सभी वर्गों के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में वन महोत्सव के आयोजन की तिथि शीघ्र ही निर्धारित किया जाएगा। श्रीमती मिश्रा ने बालोद जिले को हरा-भरा बनाने जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई मिशन अंकुर के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत जिले के डौण्डी विकासखण्ड के गुजरा ग्राम पंचायत के ग्राम पंडवाल में आगामी 13 जुलाई को सीड बाॅल रोपण हेतु जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान ग्राम पंडवाल सहित सीड बाॅल रोपण हेतु जिले के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए कुल 02 लाख 39 हजार सीपीटी ट्रेंच पर सीड बाॅल का रोपण किया जाएगा। इस दौरान सीड बाॅल को सीपीटी ट्रेंच के दोनों किनारों में फैले मिट्टी में दबाकर इसका रोपण किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मिशन अंकुर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सीड बॉल मिट्टी, खाद और विभिन्न उपयोगी वृक्षों के बीजों को मिलाकर बनाई गई एक छोटी सी गेंद होती है। इसे रोपने के लिए गड्ढा खोदने की आवश्यकता नहीं होती। इसे हाई ट्रेंच, जंगल, खाली जमीनों, पहाड़ियों या बंजर इलाकों में फेंक दिया जाता है। मानसून की बारिश पड़ते ही यह अंकुरित होकर एक पौधे का रूप ले लेती है। मिशन अंकुर के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए स्थानीय प्रजातियां जैसे- नीम, पीपल, बरगद, मुनगा, करंज, कटहल, इमली आदि के बीजो का उपयोग कर सीड बाॅल का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 13 जुलाई को मिशन अंकुर के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 

 

Related Articles

Back to top button