छत्तीसगढ़

भाजपा का सामाजिक समागम:7 जिलों के 25 से ज्यादा समाजों के 5 हजार प्रतिनिधि 12 अगस्त को दुर्ग में जुटेंगे

By Dinesh chourasiya

भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी है। पार्टी केंद्र सरकार और संगठन के अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जनता के बीच में जा रही है। इसी के तहत समाज के हर वर्ग और जाति को जोड़ने के लिए 12 अगस्त को दुर्ग के गोंडवाना भवन में दुर्ग संभाग स्तरीय सामाजिक समागम का आयोजन करने जा रही है।

प्रदेश में कम जनसंख्या वाले लगभग 25 विभिन्न जातियों और समाजों के प्रतिनिधियों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए न्यौता भेजा गया है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने बताया कि इस महा सम्मेलन का मकसद छोटे-छोटे समाजों को पार्टी से जोड़ना और उनकी भावनाओं व अपेक्षाओं को समझना व जानना है।

आयोजन में लगभग 5000 सामाजिक प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने का अनुमान है। नाई, लोहार, पनिका, भोई, कसेर, गड़रिया, धनकर, कुम्हार, सोनकर, बरई, गंधर्व, बेलदार, नामदेव, सोनार, कोष्टा सहित 25 समाज के प्रमुखों ने समागम में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दे दी है। बता दें कि जिले में जातिगत समीकरणों को देखा जाए तो साहू समाज 30-35 प्रतिशत, कुर्मी समाज 20-22 प्रतिशत, सतनामी समाज 20-22 प्रतिशत और यादव समाज 12-15 प्रतिशत की संख्या में हैं।

बाकी लगभग 18 प्रतिशत में अन्य समाज के लोग हैं। जहां तक समाजों की अपनी राजनीतिक विचारधारा की बात है साहू और कुर्मी समाज के लोग कांग्रेस और भाजपा में 50-50 प्रतिशत बंटे हुए हैं। ऐसे में अन्य समाज के बिखरे हुए वोट पर भाजपा की नजर है। आयोजकों ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में ​​नितिन नवीण का प्रोटोकॉल जारी हो चुका है। ओम माथुर भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Related Articles

Back to top button