छत्तीसगढ़

बीजेपी के  नेताओं ने आज भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर नगर निगम  रिसाली का किया घेराव  

By Dinesh chourasiya

भिलाई भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर सोमवार को रिसाली नगर निगम का घेराव किया। भाजपा के कद्दावर नेता गौरी शंकर श्रीवास ने घेराव के दौरान निगम आयुक्त सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों को चपरासी बनाकर रखने की धमकी दे डाली। उन्होंने कहा कि 15 सालों के शासन में भाजपा ने अधिकारियों को बाबू और चपरासी बनाकर रखा था। दो महीने बाद उनकी सरकार फिर से प्रदेश में बनेगी और वो निगम आयुक्त आशीष देवांगन सहित ऐसे सभी अधिकारियों चपरासी बना देंगे।

निगम का घेराव कर आरोप लगाते जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा व अन्य

इसके साथ ही उन्होंने रिसाली निगम क्षेत्र की बदहाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यहां नाली से लेकर अन्य साफ सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था सभी चरमराई हुई है। जबकि कांग्रेसियों का कहना है कि ताम्रध्वज साहू ने गृहमंत्री रहते हुए राज्य सरकार से रिसाली के लिए सबसे अधिक फंड लाया और यहां का विकास किया है

दो बेरीकेट्स ही तोड़ पाए भाजपाई
कार्यक्रम का नेतृत्व दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के प्रभारी गौरी शंकर श्रीवास कर रहे थे। इस मौके पर दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा सहित बहुत बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे। सैकड़ों की संख्या में भाजपाइयों ने निगम का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पहले से दुर्ग पुलिस ने पूरे निगम को बेरीकेट्स से थ्री लेयर में घेर रखा था। भाजपाइयों ने जोश में दो बेरीकेट्स तो तोड़े, लेकिन तीसरा नहीं तोड़ पाए। पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया और बाहर ही ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान भाजपाइयों और पुलिस में जमकर धक्कामुक्की भी हुई।

दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के प्रभारी ने खुले मंच से दी धमकी
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के प्रभारी और भाजपा नेता गौरी शंकर श्रीवास ने घेराव के दौरान खुले मंच से कांग्रेस सरकार के लिए काम करने वाले अधिकारियों को धमकी दे डाली। उन्होंने रिसाली नगर निगम के कमिश्नर आशीष देवांगन को खूब खरीखोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि यहां बूथ एजेंट के रूप में यहां के कमिश्नर नजर आ रहे हैं। ऐसे सभी अधिकारियों की कुंडली तैयार की जा रही है। इनको नापा जाएगा। यहां कमरे के अंदर बैठकर सारे टेंडर की सेटिंग की जा रही है और बाप बेटा मिलकर निगम को चला रहे हैं। निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है। भाजपा पार्षदों की अनदेखी हो रही है। यहां के कमिश्नर की जो कार्यशैली है वो सबसे बड़ा प्रश्नचिन्ह है। ऐसे बहुत सारे बड़े बड़े अधिकारियों को हमने 15 सालों में बाबू और चपरासी बनाया है। अधिकारी अपनी औकात न भूलें दो महीने बाद भाजपा की सरकार बनेगी फिर उन्हें चपरासी बनाया जाएगा। वहीं इस बारे में रिसाली कमिश्नर आशीष देवांगन ने कोई टिप्पणी करने साफ मना कर दिया।

Related Articles

Back to top button