Uncategorized

CG में राइस-मिल में लगी भीषण आग.50 लाख का बारदाना जलकर राख मिल के अंदर अकेला था संचालक, धुंए का गुबार देख राहगीरों ने दी जानकारी

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बुधवार को MA फूड प्रॉडक्ट्स राइस मिल भीषण आग लग गई। राइस मिल में रखे करीब 2 लाख 25 हजार बारदाने जलकर राख हो गए, जिससे राइस मिल संचालक को करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। मामला सिमगा थाना क्षेत्र के चंदेरी गांव का है।

मिली जानकारी के मुताबिक जब आग लगी तो उस वक्त मालिक अजय सचदेवा राइस मिल के अंदर अपने ऑफिस में अकेले थे। इसी वक्त अचानक आग लगी। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरब्रिगेड की टीम पिछले 6 घंटे से आग बुझाने में जुटी है।

6 घंटे से आग बुझाने में जुटी टीम

राइस मिल संचालक ने बताया कि उन्होंने फौरन फायरब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सिमगा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की कोशिशों के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। फायरब्रिगेड की 5 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

उन्होंने बताया कि मिल के स्टोर एरिया में बारदाना और अन्य सामग्री के कारण आग तेजी से फैली है। करीब 50 लाख का बारदाना जला है। इसके साथ ही अन्य सामग्रियां जल गई हैं, जिसे मिलाकर करीब 1 करोड़ का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी है, इस बारे में उन्हें कुछ नहीं पता है।

आसपास के लोगों ने धुआं उठता देखकर राइस मिल संचालक को जानकारी दी। इस वक्त लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

स्थानीय निवासियों को सांस लेने में दिक्कत

वहीं इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि राइस मिल में लगी आग से पूरा इलाका धुएं से ढंक गया। स्थानीय निवासियों को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। राहगीर और अन्य लोगों ने तेज धुआं उठता देखकर राइस मिल गए थे, जहां उन्होंने मिल संचालक को जानकारी दी।

सिमगा एसडीएम अंशुल वर्मा ने बताया कि फायरब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। आग लगने की वजह को लेकर जांच की जा रही है। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा, कितने का नुकसान हुआ है।

Related Articles

Back to top button