
महादेव सट्टा ऐप का मास्टर माइंड दीपक नेपाली दुर्ग पुलिस ने देर रात घर से दबोचा
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा ऐप का मास्टर माइंड दीपक नेपाली को गिरफ्तार कर लिया गया है। दीपक लूट, अपहरण मामले में भी पिछले एक साल से फरार था। आरोपी पर NSA (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) भी लगाया गया था। दुर्ग की क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार देर रात उसे गिरफ्तार की है। ऐसी खबरें भी चल रही है कि सौरभ चंद्राकर को दुबई में नजर बंद किया गया है।







दीपक नेपाली सीधे दुबई में बैठे सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के संपर्क में था। ये उनके दम पर देश के अलग-अलग राज्यों में कई पैनल संचालित करता था। इस काम में उसने अपने भाई लोकेश नेपाली और अन्य करीबियों को भी लगा रखा था। दुर्ग पुलिस और क्राइम ब्रांच को दीपक को कई महीने से तलाश रही थी। पुलिस ने उसके कई ठिकानों और घर पर छापेमारी की, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
मंगलवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वो वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपने घर पर देखा गया। दुर्ग एसएसपी रामगोपाल गर्ग ने क्राइम ब्रांच की टीम को एक्टिव किया। टीम ने बिना देरी किए उसे गिरफ्तार कर लिया। दीपक नेपाली के खिलाफ सुपेला, वैशाली नगर और छावनी सहित अन्य थानों में ऑनलाइन सट्टा, लूट, अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं।




खुद को बताता है भाजपा नेता
दीपक नेपाली यूं तो पेशेवर गुंडा है, लेकिन खुद को भाजपा नेता बताता है। वो भाजपा के सिंबल पेंट वाली गाड़ी में घूमता है। उसका भाई लोकेश नेपाली कई बार ऑनलाइन सट्टा खिलाने के आरोप में जेल जा चुका है। इस बात की अफवाह फैलने पर भाजपा नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाया और इसके बाद पुलिस ने दीपक नेपाली को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी देने से बचते रहे अधिकारी
दीपक नेपाली की गिरफ्तारी को दुर्ग पुलिस के एक अधिकारी ने कंफर्म किया, लेकिन खुलकर किसी भी अधिकारी ने ये नहीं कहा कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। हालत यह रही है कि जिस वैशाली नगर थाना क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया गया वहां के टीआई ने फोन ही नहीं उठाया। इसके अलावा क्राइम डीएसपी राजीव शर्मा ने भी फोन उठाना जरूरी नहीं समझा, तो वहीं क्राइम टीआई संतोष मिश्रा ने फोन ही बंद कर लिया।
हॉफ मर्डर, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज
दीपक नेपाली सिर्फ महादेव ऑनलाइन सट्टा खिलवाने के लिए फेमस नहीं है। उसके खिलाफ दुर्ग जिले के कई थानों में जानलेवा हमला, लूट, डकैती और अपहरण समेत कई मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही उसके ऊपर अवैध गांजा और शराब तस्करी का भी आरोप है। एक साल पहले भी उसे दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन जमानत लेकर बाहर आने के बाद फिर से वो अपराध की दुनिया में चला गया।
रवि उप्पल से होती है सीधे बात
ऑनलाइन सट्टा मामले में दुर्ग पुलिस को दीपक नेपाली के रूप में मजबूत कड़ी हाथ लगी है, जिसके सहारे वो दुबई में बैठे सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल तक पहुंच सकती है। दीपक रवि उप्पल का खास मित्र है। रवि ने ही दीपक को ऑनलाइन सट्टा के काम में उतारा है। दोस्ती की बदौलत हर नया पैनल दीपक के पास आता है और वो लोगों को बांटता है। दुर्ग पुलिस उसके बारे में हर एक जानकारी जुटी रही है।
29 पुलिसकर्मियों के दीपक नेपाली से संबंध
ऑनलाइन सट्टा मामले में दुर्ग पुलिस की संलिप्ता पाने के बाद तत्कालीन दुर्ग एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने इसकी जांच के आदेश दिए थे। तीन-तीन आईपीएस अधिकारियों ने इसकी जांच की। उसमें पता चला था कि दीपक नेपाली अपराध से लेकर ऑनलाइन सट्टा का काम करता है।
इसमें दुर्ग पुलिस के कुछ सिपाही और अधिकारी भी उसके साथ हैं। जांच में 17 पुलिसकर्मियों की दीपक से संलिप्तता का पता चला था और 12 पुलिसकर्मियों के बारे मोबाइल के जरिए कुंडली निकाली जा रही थी। बाद में एसपी के तबादले के साथ ही यह फाइल बंद कर दी गई।







