
केरल के वायनाड में बारिश ने मचाई तबाही अब तक 151 मौतें, 220 लापता:रेस्क्यू जारी; केरल के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, राहुल-प्रियंका का दौरा टला
By Dinesh chourasiya
केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। रात 2 बजे से सुबह 6 बजे के बीच हुए लैंडस्लाइड में 4 गांव बह गए। मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां भी बह गईं।
अब तक 151 लोगों की मौत हो चुकी है। 116 अस्पताल में हैं, जबकि 220 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। रेस्क्यू के लिए आर्मी, एयरफोर्स, SDRF और NDRF की टीम मौके पर मौजूद है। सेना ने देर रात तक 1 हजार लोगों को मलबे से निकाल चुकी है। रात होने की वजह से रेस्क्यू बंद कर दिया था। सुबह इसे फिर शुरू किया गया।






सेना ने चूरलमाला में बचाव अभियान चला रही है, यहां शाम 6 बजे भूस्खलन हुआ था। यहां सेना की 4 टीमें काम कर रहीं है।
कन्नूर से आर्मी के 225 जवानों को वायनाड के लिए रवाना किया गया है। एयरफोर्स के 2 हेलिकॉप्टर भी रेस्क्यू के लिए भेजे गए, लेकिन बारिश के चलते उन्हें कोझिकोड लौटना पड़ा।
लगातार बारिश की वजह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने वायनाड दौरा रद्द कर दिया है। वे यहां के पीड़ितों से मिलने जाने वाले थे।




मौसम विभाग ने वायनाड समेत 5 जिलों मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड कन्नूर और कासरगोड जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
हादसे के बाद राज्य में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। केरल के 12 जिलों में स्कूल कॉलेजों में आज छुट्टी घोषित कर दी गई है। केरल यूनिवर्सिटी ने आज और कल होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। संशोधित तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज वायनाड पहुंच रही हैं। राज्य के राज्यपाल भी वहां जाएंगे।
पिछले 24 घंटे में क्या-क्या हुआ 5 पॉइंट्स में समझें…
1. मुंडक्कई गांव में सबसे ज्यादा नुकसान, यहां 250 लोग फंसे
वायनाड का मुंडक्कई गांव लैंडस्लाइड की वजह से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां चूरलमाला को मुंडक्कई से जोड़ने वाला पुल बह गया है, जिससे क्षेत्र तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
NDRF की 20 सदस्यीय टीम पैदल चलते हुए यहां तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मुंडक्कई में करीब 250 लोगों के फंसे होने की खबर है। यहां कई घर बह गए है। यहां 65 परिवार रहते थे। यहीं पास के एक टी एस्टेट के 35 कर्मचारी भी लापता हैं। कोझिकोड जिले के सभी पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा, सभी ग्रेनाइट खदानों को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए कहा गया है।
2. इन्हीं इलाकों में 5 साल पहले लैंडस्लाइड से 17 मौतें हुईं
वायनाड के 4 गांव- मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। 5 साल पहले 2019 में भी भारी बारिश की वजह से इन्हीं गांवों में लैंडस्लाइड हुई थी, जिसमें 17 लोगों की मौत हुई थी। 5 लोगों का आज तक पता नहीं चला। 52 घर तबाह हुए थे।
3. चूरलमाला गांव से दो विदेशी नागरिकों को बचाया गया
जिला पंचायत अध्यक्ष समशाद मरईक्कर ने बताया कि मुंडक्कई सड़क मार्ग से पहुंचा नहीं जा सकता है। मोबाइल नेटवर्क भी ठप है। चूरलमाला गांव में भी नुकसान ज्यादा है। यहां रेस्क्यू जारी है। यहां कई घर बह गए हैं। कई लोगों को बचाया गया हैं, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। ये एक होमस्टे में रुके थे। यहां रेस्क्यू टीम एक-एक घरों की जांच कर रही है।
4. कंट्रोल रूम बनाया गया, हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए
वायनाड लैंडस्लाइड के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम बना दिया है। साथ ही इमरजेंसी हेल्थ सर्विस के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 8086010833 और 9656938689 जारी किए। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज के मुताबिक वैथिरी, कलपट्टा, मेप्पाडी और मनंतवडी अस्पताल अलर्ट पर हैं। केरल के स्वास्थ्य मंत्री ऑफिस ने बताया है कि वायनाड के चूरलमाला में घायलों का इलाज करने के लिए एक मस्जिद और मदरसे में टेम्परेरी हॉस्पिटल बनाया गया है।
5. केंद्र ने मुआवजा देने की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायनाड में लैंडस्लाइड में मारे गए लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने केरल सरकार को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही मरने वालों के परिजन को 2-2 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायनाड की घटना पर सरकार से हर संभव मदद पहुंचाने की अपील की है।





- महिला ने रोते कहा, नौशीन दलदल में फंस गई: चूरलमाला गांव की एक महिला ने कहा, ‘घर में कोई व्यक्ति मलबे में फंस गया है और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। कृपया कोई आए और हमारी मदद करे। हमने अपना घर खो दिया है। हमें नहीं पता कि नौशीन जीवित है या नहीं। वह दलदल में फंस गई है। हमारा घर शहर में ही है।’
- पीड़ित ने कहा- मेरा मकान अब भी हिल रहा: चूरलमाला की गांव की एक और निवासी ने फोन पर बताया, ‘उनका मकान अब भी हिल रहा है। धरती हिल रही है। एक अन्य व्यक्ति ने फोन पर बताया कि मुंडक्कई में बड़ी संख्या में लोग मलबे में फंसे हैं और जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कृपया हमें बचाइए।’
- बुजुर्ग ने बताया- हम घर में सो रहे थे, सब तबाह हो गया: एक घायल बुजुर्ग ने एक टेलीविजन चैनल को बताया, ‘उनकी पत्नी लापता हैं और उन्हें नहीं मालूम कि वह कहां हैं।’ उन्होंने बताया कि हम घर में सो रहे थे। अचानक एक तेज आवाज सुनाई दी और हमने बड़े-बड़े पत्थर तथा पेड़ों को हमारे मकान की छत पर गिरते हुए देखा। घर में बाढ़ का पानी घुस गया जिससे घर का दरवाजा टूट गया।
- मुस्तफा अहमद ने कहा- जाग रहे थे इसलिए बच गए: इस आपदा में जीवित बचे मुस्तफा का कहना है, ‘रात 1:40 बजे, एक तेज आवाज आई और मेरे कमरे से लगभग 30 मीटर दूर एक घर पूरी तरह से ढह गया। उस वक्त हम सो नहीं रहे थे, हम तुरंत बाहर भागे। कई लोग फंस गए हैं इस घटना में पूरे गांव के लोग फंस गए हैं, मुझे बचा लिया गया है।’
वायनाड में लैंडस्लाइड की क्या वजह है
वायनाड, केरल के नॉर्थ-ईस्ट में है। यह केरल का एकमात्र पठारी इलाका है। यानी मिट्टी, पत्थर और उसके ऊपर उगे पेड़-पौधों के ऊंचे-नीचे टीलों वाला इलाका। जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, केरल का 43% इलाका लैंडस्लाइड प्रभावित है। वायनाड की 51% जमीन पहाड़ी ढलाने हैं। यानी लैंडस्लाइड की संभावना बहुत ज्यादा बनी रहती है।
वायनाड का पठार वेस्टर्न घाट में 700 से 2100 मीटर की ऊंचाई पर है। मानसून की अरब सागर वाली ब्रांच देश के वेस्टर्न घाट से टकराकर ऊपर उठती है, इसलिए इस इलाके में मानसून सीजन में बहुत ज्यादा बारिश होती है।
वायनाड में काबिनी नदी है। इसकी सहायक नदी मनंतावडी ‘थोंडारमुडी’ चोटी से निकलती है। लैंडस्लाइड के कारण इसी नदी में बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है।








