छत्तीसगढ़

रायपुर दुर्ग में झमाझम बारिश, स्कूटी-पिकअप पर गिरा पेड़:बस्तर में उफान पर शबरी नदी, NH-30 पर पुल-पुलिया डूबे; 5 जिले में ऑरेंज-12 जिलों में यलो अलर्ट जारी 

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज भी जोरदार बारिश हो रही है। बस्तर की शबरी नदी उफान पर है। वहीं, सुकमा जिले की मिंटो नदी में बाढ़ से एर्राबोर इलाके में एनएच-30 पर बने पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है। एहतियातन यहां जवान तैनात कर दिए गए हैं।

आज रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में ऑरेंज और 12 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बस्तर और रायपुर संभाग में बीते 24 घंटों में हुई 40.4 मिमी बारिश ने पानी की भरपाई कर दी है।

19 जुलाई तक राज्य में औसत से 26 फीसदी तक कम बारिश हुई थी। अब ये कमी 19% बची है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 19% तक कम या ज्यादा वर्षा होने पर इसे सामान्य माना जाता है। इस तरह छत्तीसगढ़ सीजन में पहली बार कम वर्षा के क्लब से निकलकर सामान्य बारिश वाले राज्यों में शामिल हो गया है।

दंतेवाड़ा में टूटा डैम

दंतेवाड़ा के किरंदुल में भारी बारिश के चलते एनएमडीसी का डैम टूट गया है। बंगाली कैंप के ऊपर बांध टूटा है। जिससे कई मकान जद में आए हैं। वहीं चक्रवाती तूफान की वजह से पिछले 3 दिनों से हो रहे भारी बारिश से जहां छोटे-बड़े नदी नाले उफान पर हैं। शबरी नदी का जलस्तर पहले वार्निंग लेवल यानी 13.500 मीटर तक पहुंचने की संभावना बनी हुई है। वहीं, भद्राचलम में गोदावरी नदी भी 40 फीट तक पहुंच गयी है, जबकि 43 फीट में पहला वार्निंग लेवल है।

जाम में फंसे लोगों के लिए चाय-नाश्ते का इंतजाम

ऐसे हालात में नेशनल हाईवे- 30 इंजरम में सुबह से ही पानी चढ़ जाने से आवागमन ठप रहा। दोनों से जाम की स्थिति है। शनिवार को भी सुबह 9 बजे से शाम के 7 बजे तक जाम लगा रहा। जाम में फंसे लोगों और यात्रियों के लिए पंचायत सचिव ने सुबह का चाय-नाश्ते का इंतजाम कराया।

नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलेक्टर हरीश एस ने इंजरम पहुंच कर बाढ़ का जायजा लिया। उन्होंने आश्रमों के बच्चों को एर्राबोर पोटा केबिन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। वहीं, इंजरम में फंसे यात्रियों को सुरक्षित जगह मंगल भवन में शिफ्ट कर उनके लिए खाने-पीने का इंतजाम करने को भी कहा।

इंजरम में बोट तैनात की जाएगी

कलेक्टर ने कहा कि जल्द ही जिला प्रशासन की ओर से एक बडी बोट इंजरम पहुंचेगी। ताकी जरूरत पड़ने पर लोगों को आरपार सुरक्षित ढंग से पहुंचाया जा सके। कलेक्टर ने जनपद पंचायत सीइओ नारद मांझी को बाढ़ में फंसे लोगों और यात्रियों को हर संभव मदद देने को कहा।

उन्होंने कोंटा SDM शबाब खान से बाढ़ के हालात की जानकारी ली। साथ ही बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कोंटा के तटीय और निचले इलाके के लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button