छत्तीसगढ़ में थानेदार की कार को किया आग के हवाले , बलौदाबाजार में पुलिस चौकी से कुछ दूर खड़ी थी कार
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में बदमाशों के निशाने पर अब पुलिसकर्मी भी आ गए हैं। बलौदाबाजार में देर रात बदमाशों ने घर के अंदर खड़ी चौकी प्रभारी की गाड़ी में आग लगा दी। जब तक आग पर काबू पाया गया, कार जलकर खाक हो चुकी थी।
वहीं दुर्ग में भी एक पुलिस कॉन्स्टेबल की कार में तोड़फोड़ कर दी गई। उसकी भी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। तोड़फोड़ का CCTV फुटेज सामने आया है। दोनों ही मामलों में वजह सामने नहीं आ सकी है। बलौदाबाजार में फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है।








बलौदाबाजार: थानेदार की गाड़ी जलती रही, फायर स्टेशन में कॉल ही रिसीव नहीं हुआ
जानकारी के मुताबिक, निपनिया चौकी प्रभारी किशुन कुंभकार का घर पुलिस चौकी के पास ही है। मंगलवार रात उनकी कार पुलिस चौकी के सामने खड़ी हुई थी। इसी दौरान किसी ने आग लगा दी। धू-धू कर कार जलती देख चौकी प्रभारी कुंभकार ने बलौदाबाजार-भाटापारा फायर स्टेशन को कॉल किया।
बताया जा रहा है कि फायर स्टेशन में उनका कॉल ही रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद निपनिया से करीब 10 किमी दूर अमेरा से फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाई गई और आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार जलकर खाक हो चुकी थी।




रात करीब 1 बजे हुई वारदात
भाटापारा ग्रामीण थाना प्रभारी अमित पाटले ने बताया कि, रात करीब एक बजे की घटना है। पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है। घटना क्यों और कैसे हुई, अभी पता नहीं चला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में लगातार हो रही आग की घटनाओं को देखते हुए कई साल से स्थानीय स्तर पर फायर स्टेशन की मांग की जा रही है, लेकिन जगह नहीं मिलने से फायर स्टेशन नहीं है।

भिलाई में पथराव कर सिपाही की गाड़ी में तोड़फोड़
वहीं भिलाई के जामुल क्षेत्र के कैलाश नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मंगलवार की बदमाशों ने सिपाही दीपक सिंह की कार में तोड़फोड़ की है। पत्थर मारकर शीशे तोड़े गए हैं। कार सिपाही के घर के सामने खड़ी थी। रात में 2 युवक आए और बड़े से पत्थर पीछे के शीशे पर पटक दिया। इस दौरान मोहल्ले के लोग जाग गए और वह वहां से भाग गया।
मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बताया
दीपक की पत्नी बबली सिंह ने बताया कि वो लोग सोए हुए थे। बाहर उनकी कार कवर से ढंकी हुई खड़ी थी। तड़के उनके मोहल्ले के लोगों का फोन आया कि कोई लड़का उनकी कार का कांच तोड़कर भाग गया है। इसके बाद वो लोग बाहर निकले और देखा तो कोई नहीं था।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैद
मोहल्ले में लगे एक मकान के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में दो लड़के 17 जुलाई को तड़के 3 बजकर 45 मिनट पर मुंह में कपड़ा बांधकर बाइक से आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने गली में पड़े पत्थर को उठाया और कार के पीछे के कांच में पटक दिया।







