छत्तीसगढ़

CG में महिलाओं ने बनाया वर्ल्ड रिकार्ड:एक ही दिन में लगाए 85 हजार फलदार पौधे, गोल्डन वर्ल्ड बुक ऑफ रिकार्ड में नाम दर्ज

By Dinesh chourasiya

गरियाबंद में महिलाओं ने बनाया वर्ल्ड रिकार्ड। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में 17 हजार महिलाओं ने 85 हजार फलदार पौधे अपने घर आंगन में लगाकर गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में स्थान बना लिया है। जिला प्रशासन ने पोषण निवेश अभियान चला कर पौध रोपण का यह अनूठा रिकार्ड कायम किया है।

कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान में शिशुवती, गर्भवती और नव विवाहिताओं को जोड़ा गया ताकि वे अपने बच्चों को भविष्य में फलदार वृक्ष का भरपूर लाभ दिला सके। यह अभियान भविष्य के बच्चों के लिए एक प्रकार का पोषण निवेश करने की तरह ही है।

महिलाओं ने लगाए 5-5 फलदार पौधे

इसलिए अभियान का नाम भी पोषण निवेश रखा गया। अभियान की शुरुवात जिला प्रशासन ने पारागांव में मौजूद चयनित हितग्राहियों के साथ मिल कर किया। एक ही समय में पूरे जिले भर की चयनित हितग्राही ने न केवल 5-5 फलदार पौधे लगाए बल्कि उसकी आजीवन सुरक्षा करने संकल्प पत्र भी भरा है।

महिलाओं ने 5-5 फलदार पौधे लगाए।

85 हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए

इस अभियान में जिले की 17 हजार से ज्यादा महिलाओं ने 85 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया। मनरेगा के माध्यम से जिले के विभिन्न नर्सरियों में तैयार किए गए फलदार पौधों का निःशुल्क वितरण कर महिलाओं को उपलब्ध कराया गया।

आम, अमरूद, नींबू, कटहल के पौधों का रोपण

कार्यक्रम के तहत पौधों का रोपण खुली जगह में न कर हितग्राहियों के बाड़ियों में किया गया। जिससे उनका शत प्रतिशत देखभाल और संरक्षण हो सके। पोषण निवेश कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने अपने बाड़ियों में 5-5 फलदार पौधे आम, अमरूद, नींबू, कटहल और मुनगा का रोपण किया।

महिलाओं ने पौध रोपण के बाद संकल्प पत्र भी भरा।

संरक्षण-संवर्धन करने की भी जिम्मेदारी

साथ ही छोटे बच्चे की तरह उनका देखभाल करने और उनका संरक्षण-संवर्धन करने की जिम्मेदारी भी ली। विशेष थीम पर आयोजित पोषण निवेश कार्यक्रम के तहत किए गए वृक्षारोपण से वर्ल्ड रिकार्ड कायम किया गया।

जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम शामिल

एक ही दिन में 85 हजार से अधिक पौधों का रोपण करने के कारण जिले का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में शामिल किया गया है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की छत्तीसगढ़ हेड सोनल शर्मा ने कलेक्टर दीपक अग्रवाल को वर्ल्ड रिकार्ड की ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर नवाचारी पहल की बधाई दी। कलेक्टर ने जिले की सभी महिलाओं का आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button