
छत्तीसगढ़ में आंधी-बारिश से गिरे पेड़, 3 की मौत:सूरजपुर में वाहन क्षतिग्रस्त, अंबिकापुर में घरों की छत उड़ी; आज रायपुर पहुंच सकता है मानसून
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में मानसून के पहुंचते ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। सूरजपुर और रायगढ़ में शुक्रवार शाम को आंधी के साथ आई तेज बारिश ने जन-जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी के चलते सूरजपुर में कई जगह पेड़ टूटकर गिर पड़े। इसमें एक महिला की मौत हो गई और वाहन क्षतिग्रस्त हुए। वहीं रायगढ़ में बिजली का तार गिरने से बाइक सवार 2 युवकों की मौत हो गई
बलरामपुर जिले में भी मौसम का मिजाज बदला है और तेज बारिश हो रही है। इसके चलते पारा गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग ने सरगुजा और बस्तर संभाग के 8 जिलों के लिए ऑरेंज और रायपुर सहित 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। यहां देर शाम तक तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।







मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में अभी अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर है। यह 40 डिग्री के आसपास है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मानसून 15 जून तक रायपुर पहुंच सकता है। अगले 48 घंटे में प्रदेश भर में मानसून एक्टिविटी बढ़ेगी।

रायगढ़ में बाइक पर गिरा हाईटेंशन तार
रायगढ़ में तेज आंधी के चलते कई पेड़ गिर गए। इसकी चपेट में आकर 33 केवी का हाईटेंशन तार भी टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम बरकसपाली निवासी हरिनारायण राठिया (32) और टेकलाल यादव (35) शुक्रवार दोपहर बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रेंगालबहारी वार्ड नंबर 14 अटल आवास के पास टूटे हुए तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।






सूरजपुर में कई जगह गिरे पेड़, बिलासपुर में बाउंड्रीवॉल गिरी
सूरजपुर में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हो रही है। इस दौरान कई जगह पेड़ टूटकर गिरे हैं। चेंद्र पुलिस चौकी क्षेत्र के पकनी गांव के बाजार पारा में पेड़ टूटकर 50 साल की एक महिला पर गिर पड़ा। इसके चलते महिला की मौत हो गई। वहीं ओड़गी के कुदरगढ़ में बोलेरो गाड़ी पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में गाड़ी में बैठा परिवार बाल-बाल बचा है।
तार टूटे, आधे शहर की बिजली गुल
तेज हवाओं के कारण कई जगह पर बिजली के तारों पर पेड़ और टहनियां गिर गईं, इससे बिजली सप्लाई ठप हो गई है। शहर के कई इलाकों की बिजली व्यवस्था देर शाम तक नहीं सुधर पाई थी। बिजली विभाग के कर्मी टूटे तारों को जोड़ने और पेड़ों को हटाने के लिए जूझते रहे। कुछ इलाकों में इंसुलेटर फटने से भी बिजली बंद हो गई है।.
वहीं बिलासपुर में अंधड़ चलने से प्रदर्शनकारियों के ऊपर बाउंड्रीवॉल गिर गई। इससे 5 आंदोलनकारी घायल हो गए। ये सभी कोल वाशरी के विरोध में धरने पर बैठे थे। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 3 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। लेकिन उसके बाद दिन के तापमान में गिरावट होगी।
ऐसा रहा तापमान
प्रदेश में गुरुवार को कोरबा (लखनपुर ) सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 43.6 डिग्री रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारायणपुर में 22.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। गुरुवार को अंबिकापुर में दिन का तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था।
वहीं रायपुर में तापमान 41.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। बिलासपुर में तापमान 41.6 डिग्री रहा, वहीं जगदलपुर में दिन का तापमान 31.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था। प्रदेश में अन्य जिलों में पारा 38 डिग्री से 42 डिग्री के बीच रहा।
इन जिलों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में मुंगेली में 17 मिली मीटर, बिलासपुर में 13 मिलीमीटर महासमुंद में 4.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बिलासपुर कबीरधाम, रायपुर जिले के एक दो स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। मौसम विज्ञानी गायत्री वाणी कांचिभ ने बताया कि प्रदेश में 16 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
9 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून 8 जून को सुकमा पहुंचा था। तब से वह 4 दिन अटका रहा। इस दौरान मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहीं। फिर भी पड़ोसी राज्यों के आसपास बने सिस्टम के कारण जून में अब तक अच्छी बारिश हो गई है।
राज्य के 9 जिलों में औसत से ज्यादा और तीन जिलों में सामान्य बारिश हो चुकी है। हालांकि शेष 21 जिलों समेत प्रदेश में औसत से कम बारिश हुई है। कम वर्षा की भरपाई अगले 10 दिनों में होने के आसार हैं।
अंधड़ से गिरा बाउंड्रीवाल, 5 आंदोलनकारी घायल
बिलासपुर में गुरुवार शाम आंधी-तूफान शुरू हो गया। इस दौरान कोटा क्षेत्र के ग्राम पथर्रा में महावीर कोल वासरी के विरोध में धरने पर बैठे आंदोलनकारियों का पंडाल उड़ गया। वहीं, आंदोलनकारियों के ऊपर बाउंड्रीवाल गिर गया, जिसके चलते 5 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पुलिस ने अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

17 जून के बाद झमाझम बारिश के आसार
मौसम विशेषज्ञों ने 17 जून के बाद बिलासपुर में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है। जून के पहले सप्ताह से अब तक दो बार जोरदार बारिश हो चुकी है। फिर भी गर्मी से राहत नहीं मिली है। गर्मी के इस प्रचंड दौर के बीच मानसून के करीब होने की खबर से कुछ राहत की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार, 17 जून के बाद तेज वर्षा की संभावना है।
सरगुजा में पारा 42 के पार
अंबिकापुर संभाग मुख्यालय सहित पूरे संभाग में लगातार भीषण गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। वहीं बलरामपुर में पारा 43.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।







