
अमृतसर: पंजाब से बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ आम आदमी पार्टी के प्रभारी को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि मजीठा में आम आदमी पार्टी के ब्लाक इंचार्ज प्रितपाल सिंह बल्ल मजीठा, राजवीर सिंह राजू रोड़ी को नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी धर्मिंदर पाल सिंह व नाबालिग लड़की की कलयुगी मां दलजीत कौर फरार हैं जिन पर सख्त धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है।







अपने बयान में नाबालिग पीड़िता ने पुलिस को कहा कि उसकी उम्र 15 साल है और उसने 8वीं पास कर ली है। वे 2 भाई-बहन हैं। उसकी मां का संबंध धर्मिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला से था जो सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तरनतारन में शिक्षक है, जिसके बारे में उसके पिता को पता चल गया। इस बात को लेकर उसके पिता और मां के बीच झगड़ा रहने लगा। इसके बाद उसकी मां उसे लेकर मजीठा में धर्मिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला के घर आ गई। जहां उसकी मां और धर्मिंदरपाल सिंह एक साथ रहने लगे।
लेकिन बाद में धर्मिंदरपाल सिंह ने नाबालिक पर बुरी नजर रखनी शुरू कर दी और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। वहीं उसकी मां भी उसे धमकाने लगी। उन्होंने आगे कहा कि धर्मिंदरपाल के घर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता ब्लाक प्रभारी प्रितपाल सिंह बल्ल निवासी मजीठा और राजवीर सिंह राजू निवासी आबादी रोड़ी का काफी आना जाना था। लड़की अपनी आप बीती इन्हें सुनाई लेकिन इसके विपरीत उन्होंने इसका साथ देने के बजाय मारपीट की और धमकाया। जिस पर उसने डर के मारे किसी से बात नहीं की।
लड़की ने आगे बताया कि कुछ दिन पहले धर्मिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला ने उसकी मां के सामने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके कपड़े फाड़ दिए। उसने आरोप लगाया कि धर्मिंदरपाल सिंह उर्फ बिल्ला ने उसकी मां और आम आदमी पार्टी के पुरुष प्रितपाल सिंह बल्ल और राजवीर सिंह के कहने पर उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें भी की।




मजीठा थाने के एस.एच.ओ. मनमीतपाल सिंह ने बताया कि उक्त नाबालिग लड़की के बयानों के आधार पर सत्तारूढ़ आम आदमी प्रितपाल सिंह बल्ल और उसके करीबी राजवीर सिंह उर्फ रोड़ी लड़की की मां दलजीत कौर और धर्मिंदपाल सिंह उर्फ बिल्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रीतपाल सिंह बल्ल और राजवीर सिंह उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य 2 की तलाश जारी है।







