
भाजपा महिला मोर्चा ने दुर्ग में किया चक्का जाम प्रदेश में शराबबंदी न करने और दो हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले के खिलाफ दुर्ग जिले की भाजपा महिला मोर्चा ने जमकर प्रदर्शन किया
By Dinesh chourasiya
प्रदेश में शराबबंदी न करने और दो हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले के खिलाफ दुर्ग जिले की भाजपा महिला मोर्चा ने जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में भाजपा महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मिलकर पैदल मार्च किया। इसके बाद दुर्ग के पटेल चौक में चक्का जाम करके प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी न करने और हजारों करोड़ का शराब घोटाला करने के खिलाफ महिला मोर्चा ने रविवार को मोर्चा खोला। भाजपा महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रविवार दोपह तीन बजे भाजपा जिला कार्यालय में एकत्र हुए। इसके बाद शाम को 4 बजे पोस्ट बैनर के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलेक्टोरेट के पास स्थित पटेल चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस तरह महिला मोर्चा का प्रदर्शन लगभग आधा घंटा तक चला। इसके बाद पटेल चौक में सड़क के बीचोबीच बैठकर उन्होंने चक्का जाम किया। लगभग आधे घंटे तक ये चक्का जाम चला।








भाजपा महिला मोर्चा दुर्ग जिलाध्यक्ष दिव्या कलिहारी के नेतृत्व में सभी महिला कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भूपेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दिव्या कलिहारी ने बताया कि वो लोग दो हजार करोड़ रुपए के शराब घोटाले को लेकर चक्का जाम कर रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाथ में गंगाजल लेकर छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी का वादा किया था। साढ़े चार साल बीत गए, लेकिन वो वादा पूरा नहीं किया गया। अब हम घर-घर जाकर सभी महिलाओं को इसकी जानकारी देंगे और उन्हें आंदोलन से जोड़ेंगे। ये आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक इस सरकार को उखाड़कर फेंक नहीं देते हैं।

बड़ी संख्या में मौजूद रहा पुलिस बल
आंदोलन के दौरान किसी तरह की कोई अनहोनी न हो इसको देखते हुए पहले से ही पटेल चौक में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। चक्का जाम के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों दूसरे रूट से धीरे-धीरे निकलने दिया। इससे किसी तरह की लोगों को परेशानी नहीं हुई।







