छत्तीसगढ़

CG में इंद्रावती नदी के किनारे पलटा ट्रैक्टर:22 मजदूर घायल, 2 की हालत गंभीर, सड़क निर्माण में लगे थे, घर लौटते समय हुआ हादसा

By Dinesh chourasiya

ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 22 मजदूर घायल हैं। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंद्रावती नदी के किनारे ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई है। इस हादसे में करीब 22 मजदूर घायल हो गए हैं। इनमें से 2 लोगों की हालत नाजुक है, जिन्हें जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अन्य घायलों का दंतेवाड़ा जिला अस्पताल और गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, इंद्रावती नदी के पार बड़े करका की तरफ सड़क निर्माण का काम चल रहा है। नदी के इस पार बसे छिंदनार और कासोली गांव के ग्रामीण मजदूरी का काम करने जाते हैं। इसी सड़क निर्माण के काम में सभी मजदूर लगे हुए थे। वहीं सोमवार की देर शाम सभी ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर लौट रहे थे।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर

वहीं इंद्रावती नदी के किनारे पुल के नजदीक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 22 मजदूर घायल हो गए। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल है। जिसके बाद उसी इलाके में मौजूद ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गीदम थाना और एंबुलेंस को दी। मौके पर जवान और एंबुलेंस पहुंची।

घायलों में महिलाएं भी हैं।

दो लोग जगदलपुर रेफर

घायलों को पहले गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जिसके बाद इनमें से कुछ को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें जो दो मजदूर गंभीर रूप से घायल थे उन्हें जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। गीदम थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने बताया कि 22 लोग घायल थे, जिन्हें अस्पताल लाया गया है। हादसा कैसे हुआ है इस संबंध में जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button