
दुर्ग में बिजली विभाग के इंजीनियर ने की खुदकुशी:फंदे पर लटकी मिली लाश, हाथ बंधे होने से जताई जा रही हत्या की आशंका
By Dinesh chourasiya







मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग के काटुलबोर्ड नर्सिंग बिहार कालोनी निवासी प्रतीक साहू (30 साल) सीएसपीडीसीएल रायपुर में जेई के पद पर कार्यरत था। बुधवार को उसने अपने निवास पर पंखे से रस्सी के सहारे फांसी लगाकर सुसाइड किया है। सूचना मिलने पर मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक युवक दुर्ग में अपने माता पिता व परिवार के साथ रहता था। उसके पिता भी बिजली विभाग रायपुर डंगनिया में इंजीनियर हैं। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उसके पास से कोई सुसाइडल नोट भी नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि वो जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद और पूछताछ में कई चीजों का खुलासा होगा।

काफी समय से डिप्रेशन में रहता था जेई




पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि प्रतीक काफी समय से डिप्रेशन का शिकार था। वो ऑफिस में काफी कम बोलता था और अकेले रहना पसंद करता था। दुर्ग आने पर वो घर में भी अपने आपको कमरे में बंद करके रखता था। बुधवार शाम को जब परिवार वालों ने उसे बुलाया और वो नहीं बोला तो अंदर देखने पर वो फांसी में लटका मिला। गुरुवार को पीएम के बाद उसका अंतिम संस्कार किया गया।

परिजन जता रहे हैं हत्या की आशंका
पुलिस ने जब प्रतीक की लाश को फंदे से नीचे उतारा तो उसके दोनों हाथ पीछे की तरफ से बंधे थे। इसलिए परिजनों का आरोप है कि उसे किसी ने पहले मारा और फिर उसे फांसी पर लटकाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि फांसी कई तरह की होती हैं। कई बार व्यक्ति यह सोचकर अपने हाथ बांध देता है कि वो मरते समय खुद को बचा न सके। जांच के लिए पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी यह क्लीयर किया है कि मौत फांसी की वजह से हुई है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद सारे संदेह दूर हो जाएंगे।







