भिलाई में पड़ोसी ने महिला से किया दुष्कर्म : अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार किया दुष्कर्म, महिला की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार
By Dinesh chourasiya

जामुल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय महिला ने उसके साथ रेप की शिकायत दर्ज कराई है। महिला अपने पति के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची थी। महिला ने बताया कि उसका पति ट्रक ड्राइवर है। वो घर में अपने 4 साल के बेटे, पति और ससुर के साथ रहती है। 23 मई 2023 को उसका पति ट्रक लेकर मध्य प्रदेश के रीवा गया था। उसके ससुर की नाइट ड्यूटी थी, तो वे वहां चले गए थे। रात में वो अपने बेटे के साथ घर पर अकेली थी।
रात करीब 11 बजे उसके दरवाजे की कुंडी किसी ने खटखटाई। जब उसने दरवाजा खोला, तो सामने उसका पड़ोसी विकास सिंह (30) खड़ा था। विकास को पहले से पता था कि घर में कोई नहीं है, इसलिए वो महिला का हाथ पकड़कर उसे अंदर ले गया और धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया, तो वो मोहल्ले में बदनाम हो जाएगी। इसके बाद उसने महिला से रेप किया।







वीडियो बनाकर करता रहा शारीरिक शोषण
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने अपराध करने के बाद उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उसने महिला को धमकी दी कि अगर उसने किसी को भी ये बात बताई, तो वो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। इसके बाद जब महिला ने ये बात किसी को नहीं बताई, तो उसने महिला के साथ 4 बार शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद महिला ने अपने पति को सच्चाई बताई। इसके बाद दोनों ने हिम्मत जुटाकर 6 महीने बाद इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।







