
पाटन विधान सभा से विजय बघेल ने भरा नामांकन, बोले-चाचा पर भतीजा भारी: अब मुख्यमंत्री बघेल का नामांकन भरने की पारी
By Dinesh chourasiya
दुर्ग में पहले दिन पाटन से भाजपा के प्रत्याशी और दुर्ग सांसद विजय बघेल सहित तीन लोगों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने पहुंचे सांसद विजय बघेल ने कहा कि झूठ की सरकार जाने का समय आ गया है। भूपेश बघेल ने झूठ के बल पर छत्तीसगढ़ में सरकार बनाई है।
विजय बघेल ने कहा कि सरकार ने किसानों को ठगने का काम किया है। मितानिन और अन्य संविदा कर्मियों से झूठा वादा किया है। उन्होंने कहा कि पाटन की जनता उन्हें जान चुकी है। इसीलिए वहां चाचा पर भतीजा भारी है।







कांग्रेस पार्टी नहीं उबर रही वंशवाद से
नामांकन दाखिल करने पहुंचे दुर्ग ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी ललित चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस में आज भी वंशवाद हावी है। भाजपा इस सोच से कोसों दूर है। वो इसका उदाहरण है। भाजपा ने अपने एक जमीनी और छोटे कार्यकर्ता को टिकट देकर ये साबित किया है, कि यहां केवल कर्मठ और काम करने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को महत्व दिया जाता है।

नामांकन दाखिल करने के दौरान दुर्ग कलेक्टोरेट में सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए थे। कलेक्टोरेट परिसर को बैरिकेड्स से कवर किया गया था। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। कलेक्टोरेट परिसर के अंदर केवल प्रत्याशी और उनके साथ दो से तीन समर्थकों को ही जाने दिया जा रहा था।




मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई लोगों ने लिया नामांकन फार्म
नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही कई प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिया है। इसमें पाटन से कांग्रेस के उम्मीदवार भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण से भाजपा के प्रत्याशी ललित चन्द्राकर, जनता कांग्रेस से निशा कुमार साहू, बहुजन समाज पार्टी से ईश्वर कुमार निषाद, जोहार छत्तीसगढ़ से कामेश्वर प्रसाद, कांग्रेस से अरूण वोरा, भाजपा से गजेन्द्र यादव, निर्दलीय जार्ज खेस, ईजराईल खान ( शाहजादा) ने नामांकन फार्म लिया।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ महतारी से ध्रुव कुमार सोनी (लंगूर सोनी), जनता कांग्रेस से मोहम्मद जहीर, कांग्रेस से मुकेश चन्द्राकर, भाजपा से रीकेश सेन, निर्दलीय निटेश गेन्द्रे, जोहार छत्तीसगढ़ से योगेश्वर साहू, जनता कांग्रेस से दिवाकर भाटी, कांग्रेस से करीम खान, बहुजन समाज पार्टी से दिनेश शिन्दे, समाजवादी से सुबेदार सिंह, जोहार छत्तीसगढ़ से मधुकान्त ने नामांकन पत्र खरीदे।







