छत्तीसगढ़

प्रतिमा विसर्जन के लिए तालाब क्षेत्रों का निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने किया निरीक्षण, सकरी बस्तियों में सफाई व्यवस्था भी देखी

भिलाई नगर/ नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र अंतर्गत निगमायुक्त लोकेश चंद्राकर शहर का लगातार निरीक्षण कर जायजा ले रहे हैं इसी क्रम में आज सुबह 6:00 बजे उन्होंने गणपति जी की प्रतिमा विसर्जन को लेकर तालाब क्षेत्रों का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने सभी जोन आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि विसर्जन को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएं, वहीं जहां पानी गहरा हो और दुर्घटना की संभावनाएं अधिक हो ऐसे स्थानों पर गोताखोर की व्यवस्था भी की जाए। ऐसे तालाब क्षेत्र जिनमें रात्रि कालीन विसर्जन होते हैं उनमें प्रकाश की व्यवस्था भी सुनिश्चित हो।

विसर्जन के लिए निर्धारित तालाब क्षेत्रों में ही विसर्जन किया जाए इसका खासा ध्यान रखने के निर्देश उन्होंने सभी अधिकारियों को दिए हैं। आयुक्त श्री चंद्राकर ने कहा कि जिन तालाबों में विसर्जन कुंड बने हुए हैं उन कुंड में ही विसर्जन से संबंधित सामग्री को विसर्जित किया जाए। निगमायुक्त ने आज बैकुंठधाम तालाब का निरीक्षण कर जायजा लिया वहीं उन्होंने साफ सफाई की व्यवस्था भी देखी। श्री चंद्राकर ने जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा के नाला के समीप साफ, सफाई व्यवस्था तथा अंदरूनी सकरी बस्तियों में नाली सफाई की व्यवस्था देखी।

आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि जिन प्रतिमाओं को घरों में व्यापक व्यवस्था के साथ विसर्जन किए जा सकते हैं उन्हें घरों में ही विसर्जन करने का प्रबंध करे। उल्लेखनीय है कि महापौर नीरज पाल ने तालाबों में विसर्जन को लेकर व्यापक इंतजाम करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, वहीं उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था करने भी कहा है। आज के आयुक्त के निरीक्षण के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी सुदामा परघनिया, स्वच्छता निरीक्षक वीरेंद्र बंजारे आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button