
प्रधानमंत्री 27 राज्यों के रेलवे स्टेशनों की रखेंगे आधारशिला: देशभर के 1300 स्टेशन एयरपोर्ट के जैसे बनेंगे छत्तीसगढ़ से रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत सात
By Dinesh chourasiya
रेलवे देशभर के 1300 रेलवे स्टेशन को अगले कुछ वर्षों में एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को 27 राज्यों के 508 उन रेलवे स्टेशनों की आधारशिला रखेंगे, जिन्हें एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसकी लागत 24,470 करोड़ रुपए आएगी। इस योजना के पहले चरण में छत्तीसगढ़ से रायपुर जंक्शन, बिलासपुर, भिलाई पावर हाउस, दुर्ग, अकलतरा, महासमुंद और तिल्दा-नेवरा को भी रखा गया है।
सभी स्टेशनों को अगले 50 साल की जरूरतों के हिसाब से विकसित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड के एक अधिकारी का कहना है कि स्टेशनों के विकास के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। स्टेशनों को एयरपोर्ट की तरह बनाने का काम अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि 1300 स्टेशनों में से कुछ को छोड़ दिया जाए तो यह देखा गया है कि स्टेशन पटरी के सिर्फ एक तरफ ही हैं।







राज्य – स्टेशन
- छत्तीसगढ़ – 7
- मध्यप्रदेश – 34
- बिहार – 49
- राजस्थान – 55
- गुजरात – 21
- झारखंड – 20
- हरियाणा – 17
जहां जमीन कम, वहां रेलवे पटरियों के ऊपर ही प्लाजा
स्टेशनों को अलग-अलग तरीके से डिजाइन किया जाएगा। जैसे, जिन स्टेशनों में जमीन की कमी है, वहां रेलवे स्टेशन के भवन बहुमंजिला बनाए जाएंगे। प्लाजा वगैरह इनके ऊपर ही होंगे। कुछ जगह प्लेटफार्म के रेलवे ट्रैक के ऊपर प्लाजा बना दिए जाएंगे। इन स्टेशनों में वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, खानपान की व्यवस्था, खरीदारी के लिए दुकानें होंगी। स्टेशन के दोनों तरफ से एंट्री गेट होंगे। हवाई अड्डा वाले शहरों में चेक इन सुविधा होगी।











