
भिलाई में भाजपा को लगा बड़ा झटका 40 कार्यकर्ता ने थामा कांग्रेस का हाथ :कार्यकर्ताओं ने लगाया अपमानित करने का आरोप, मंडल अध्यक्ष ने की इस्तीफे की पेशकश
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले के छावनी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 से बड़ी संख्या में भाजपा छोड़कर युवाओं ने कांग्रेस का हाथ थामा है। इसे भाजपा नेताओं के बीच खींचतान का नतीजा माना जा रहा है। भिलाई जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया पर उनकी टीम के पदाधिकारियों पर खुद उन्हीं के जिला उपाध्यक्ष अमर सोनकर ने अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के मार्गदर्शन में छावनी क्षेत्र से बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए।
विधायक देवेंद्र यादव ने भास्कर को बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले पांच सालों में अपनी जनहितकारी योजनाओं के जरिए प्रदेश के हर वर्ग का विकास किया है। उनके काम को जन-जन तक पहुंचाने का काम वो कर रहे हैं। इन्हीं कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा के सक्रिय सदस्यों और वार्ड 46 दुर्गा मंदिर वार्ड और छावनी के सैकड़ों युवाओं ने कांग्रेस का हाथ थामा है।







भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले
दुर्गा मंदिर वार्ड से संदीप साहू, सूर्य चौधरी, प्रशांत कुमार, राजीव सिंह, शंकर चौधरी, राकेश वर्मा, सूरज म्हाते, विकाश चौधरी, चंचल चौधरी (मिथुन), रवि कृष्णा, आदि कनोजिया, शुभम कंजोईया, उदय, श्रीणु, वनीश, आशिन अली, ललित कुमार, घुपतेश चौधरी, राहुल चौधरी, अनिकेत सहनी, हिमांशु निर्मलकर, रोहित कुमार, साहिल यादव, हर्ष कुमार, श्रवण कुमार शाह, अरविंद चौधरी, राजेश शाह, सुजल, अरविंद, कृष्णा, क्रिश, वेदांत साहू, सुजीत राय छतरी, कुंदन भास्कर, शंकर दयाल सिंह, जीतू कुमार, पुष्कर सिंह राजपूत, कुलदीप पासवान, कामरान अहमद, अंकित साहू, रोहन साहू ओर पुलकित कुमार शामिल हुए हैं।
छावनी क्षेत्र से भाजपा के पदाधिकारी हुए शामिल
इसके अलावा हरेली त्यौहार पर्व पर भाजपा सदस्यों और पदाधिकारियों ने कांग्रेस से हाथ मिलाया है। वार्ड 40 छावनी के भाजपा के करीब 40 ऐसे सदस्यों ने भाजपा की सक्रिय सदस्यता छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामा । उन्होंने कहा की भाजपा की रीति और नीति जनता के हित में नहीं है। वहां उन्हें काफी घुटन महसूस हो रही थी। छावनी श्रमिक क्षेत्र में भाजपा के शासनकाल में कभी कोई विकास कार्य नहीं हुआ। लोगों की पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं था। कांग्रेस सरकार में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव लगातार विकास कर रहे हैं।




भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने लगाया बड़ा आरोप
वहीं भाजपा से भिलाई के जिला उपाध्यक्ष अमर सोनकर ने प्रेस रिलीज जारी कर आरोप लगाया है कि जब से भिलाई में भारतीय जनता पार्टी का जिला कार्यालय बना है। तब से पदाधिकारी कार्यालय में आने वाले अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपमानित कर रहे हैं। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें कार्यालय न आने की बात कही जाती है। कार्यकर्ताओं को बिना पानी प्यासा लौटा दिया जाता है।
महिला कार्यकर्ताओं को भी अपमानित किया जा रहा है। यदि कोई महिला नेत्री अपनी वरिष्ठ महिला नेत्री के लिए एक अतिरिक्त नाश्ते का पैकेट उठा लेती है तो उसे जलील किया जाता है। महिलाओं को जोड़कर लाने पर उन्हें अपमानित किया जाता है। इन सभी बातों से आहत होकर एक मंडल अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष को इस्तीफे की पेशकश की है। जब इस बारे में जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया को फोन लगाया गया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।





