
छत्तीसगढ़ में नकली शराब बेचकर किया प्रदर्शन:राहुल गांधी से लेकर आबकारी मंत्री तक का मुखौटा लगाकर भाजुयमो ने जताया विरोध; CG-PSC पर उठा सवाल
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में शराब बंदी करने और शराब घोटाले के विरोध में एक बार फिर शुक्रवार को भाजयुमो ने कुरुद साप्ताहिक सब्जी मार्केट में करीब 2 घंटे विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, आबकारी मंत्री कवासी लखमा, मोहन मरकाम और देवेंद्र यादव का मुखौटा पहनकर नकली शराब बेचते हुए अपना विरोध जताया।
इस बीच इन लोगों ने कहा, मैंने शराब नहीं बंद की, क्योंकि मुझे शराब घोटाला करना है। वहां पर मौजूद जनता ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति के सदस्य मयंक गुप्ता ने बताया, इस प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस नेताओं का असली चेहरा जनता को दिखाया गया है।







सब्जी मंडी में हजारों लोगों की भीड़ थी। लोगों ने जब उन्हें नकली शराब बेचते हुए देखा तो उन्होंने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने कहा, इस सरकार में केवल शराब घोटाला ही नहीं, CG-PSC भर्ती में भी घोटाला किया गया है। कुछ लोगों ने कहा, शराब बंद करने का वादा किया था और नकली शराब बेच रहे हैं।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शाम 7 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक पूरे बाजार में लोगों के बीच जाकर प्रदेश सरकार की नाकामी और घोटाले की सच्चाई बताई।
गंगाजल की झूठी कसम खाकर मुकर गई सरकार
मयंक गुप्ता ने बताया कि भाजयुमो कार्यकर्ता प्रतीकात्मक शराब की बिक्री करते जब साप्ताहिक बाजार पहुंचे तो लोग हंसने लगे। कई लोग खुद चलकर उनके पास आए। उन्होंने प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी करने का आरोप लगाया। लोगों ने कहा, 2018 में कांग्रेस पार्टी ने गंगाजल की झूठी कसम खाई थी, कि वो प्रदेश में शराब बंदी करेंगे। जैसे ही सरकार बनी वो अपने वादे भूल गए। इतना ही नहीं कोरोना काल में घर-घर पहुंचा कर शराब बेची गई।




जामुल पुलिस भी मौके पर रही मौजूद
भाजयुमो कार्यकर्ताओं के अनोखे प्रदर्शन के दौरान जामुल थाने की पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस सुरक्षा के बीच पूरा प्रदर्शन शांति पूर्ण तरीके से हुआ। इस दौरान किसी प्रकार को कोई विरोध नहीं होने दिया गया। सब्जी व्यापारियों ने भी प्रदर्शन के दौरान अपना पक्ष रखा।







