
भिलाई के खुर्सीपार इंडोर स्डेयिम के अंदर बनेगा स्वीमिंग पूल, जंपिंग की ट्रेनिंग भी ले सकेंगे खिलाड़ी
By Dinesh chourasiya
विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने सीएम भूपेश बघेल से मुलाकात के दौरान ये मांग रखी थी। मुख्यमंत्री ने उनकी मांग को माना और शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही निगम प्रशासन इसके निर्माण के लिए टेंडर जारी करेगा। एजेंसी तय होते ही इसका निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। यह पूल सेमी ओलिंपिक स्वीमिंग पूल होगा। इसके बनने से तैराकी के खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी। वे अपने खेल का अभ्यास इस स्वीमिंग पूल में कर सकेंगे। उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा और तालाब में तैरना नहीं पड़ेगा
भिलाई में नहीं है तैराकी के खिलाड़ियों के लिए कोई सुविधा
विधायक ने बताया कि वर्तमान में भिलाई में तैराकी के खिलाड़ियों के लिए कोई खास सुविधा नहीं है। उनकी मांग और समस्या को देखते हुए उन्होंने यह पहल की है। यह भिलाई नगर निगम का पहला स्वीमिंग पुल होगा, जहां तैराकी के अभ्यास के साथ खिलाड़ी डाइविंग यानी ऊपर से जंपिंग की ट्रेनिंग भी ले सकेंगे। जहां आने वाले समय में नेशनल स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेंगी।







सबसे खास और सर्व सुविधा युक्त होगा स्वीमिंग पूल
इस स्वीमिंग पूल की लंबाई करीब 64 मीटर और चौड़ाई 21 मीटर होगी। पानी को साफ रखने के लिए हाईटेक प्यूरीफायर मशीन लगाई जाएगी। इसकी सफाई करने के लिए पूल को जल्द खाली कराया जा सकेगा। इस कार्य में 5 घंटे लगेंगे। यह पूल राजधानी रायपुर की तरह ही सर्व सुविधा युक्त हाईक्लास का होगा।







