छत्तीसगढ़

निगम तुहर द्वार अंतर्गत महापौर संग गोठ के तहत महापौर नीरज पाल ने वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर का किया दौरा, वार्ड की प्रमुख समस्या जलभराव का होगा निराकरण, बनेगा विस्तृत प्लान, महापौर ने दिए निर्देश

भिलाई नगर/ नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में निगम तुहर द्वार अंतर्गत महापौर संग गोठ के जरिए शिविर का आयोजन आज वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर में किया गया। सोनिया गांधी नगर वार्ड का महापौर नीरज पाल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। इस दौरान केनाल रोड के समीप उन्हें लोगों ने जलभराव की समस्या से अवगत कराया, स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी निकासी की व्यवस्था सही नहीं होने के कारण जलभराव की दिक्कतें होती है, महापौर श्री पाल ने इस पर निराकरण के लिए अधिकारियों को विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं, महापौर ने कहा कि इसका स्थायी समाधान निकालते हुए प्लान तैयार करें और शीघ्रता से इसका निपटारा हो।

शिविर में आवेदन लेकर पहुंचे लोगों की समस्याओं को भी महापौर ने गंभीरता से सुना। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदनों का परीक्षण करते हुए निराकरण किया जाए। त्वरित समाधान योग्य आवेदन पर शीघ्रता से कार्यवाही की जाए। उन्होंने शिविर में सभी योजनाओं की जानकारी अधिकारियों से ली तथा सभी काउंटर का निरीक्षण किया। शिविर में उन्होंने हितग्राही को पट्टा वितरण भी किया। शिविर में प्रमुख रूप से मुख्यमंत्री मितान योजना, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शहरी आजीविका मिशन के तहत व्यक्तिगत लोन एवं अन्य योजना, नए नल कनेक्शन, गुमास्ता लाइसेंस एवं अनुज्ञप्ति लाइसेंस, भवन, दुकान, व्यापारिक प्रतिष्ठान का नियमितीकरण, स्ट्रीट लाइट संधारण, संपत्तिकर, भू भाटक, जलकर, यूजर चार्ज वसूली काउंटर, पाइपलाइन, बोर, पंप, हैंड पंप संधारण, वार्ड स्तर पर नाली रोड टूट-फूट संधारण, सफाई कार्य तथा मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना से संबंधित आवेदनों का निराकरण किया गया।

सोनिया गांधी नगर वार्ड निरीक्षण में आज प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, जोन अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, एमआईसी मेंबर रीता सिंह गेरा, मन्नान गफ्फार खान, स्थानीय पार्षद पीयूष मिश्रा, जोन आयुक्त पूजा पिल्ले, कार्यपालन अभियंता संजय बागड़े, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, सहायक अभियंता अखिलेश चंद्राकर व उप अभियंता चंद्रकांत साहू आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button