देश-विदेश

तेजी से फैल रहा मंकीपॉक्स, सेक्सुअल पार्टनरों की संख्या रखें सीमित, सेक्स लाइफ में सावधानी के लिए WHO ने दी ये सलाह

नई दिल्ली: दुनियाभर में कोरोना के बाद अब मंकीपॉक्स का खतरा बढ़ने लगा है। अब तक 78 देशों में 18 हजार लोगों के बीच यह बीमारी फैल चुकी है। इनमें से 70 फीसदी केस यूरोप से आए हैं जबकि 25 फीसदी अमेरिका से है। राहत की बात यह है कि इस संक्रमण से अब तक सिर्फ 5 लोगों की मौत हुई है।

भारत में भी मंकीपॉक्स अपनी दस्तक दे चुका है। देश में अब तक 5 लोगों में मंकीपॉक्स की पुष्टि हो चुकी है। इनमें केरल और दिल्ली का है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, मंकीपॉक्स की बीमारी जानवरों से इंसानों में आई है। इससे संक्रमित होने पर व्यक्ति में चेचक जैसे लक्षण दिखते हैं।

वहीं केंद्र सरकार ने मंकीपॉक्स के मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिया है। सरकार द्वारा जारी किए निर्देश के मुताबिक, 21 दिन का क्वारंटाइन, मास्क पहने रहना, बार-बार हाथ साफ करना, जख्मों को पूरी तरह से ढककर रखना और उसके पूरी तरह से ठीक होने का इंतजार करना शामिल है।

इधर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी मंकीपॉक्स के प्रकोप को देखते हुए कुछ दिशा निर्देश जारी किए है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि मंकीपॉक्स से दूर रखने का सबसे अच्छा तरीका ये है कि इसके एक्सपोजर में आने से बचा जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख ने सलाह दी है कि जिन पुरुषों को मंकीपॉक्स का जोखिम है वे फिलहाल यौन साथियों की संख्या सीमित रखने पर विचार करें। उन्होंने कहा कि अपने यौन साझेदारों की संख्या को कम करें, नए भागीदारों के साथ यौन संबंध पर पुनर्विचार करें।

 

 

विश्व स्वास्थ्य संगठन का मानना है कि मंकीपॉक्स से बचने के लिए दो मर्दों के बीच होने वाले यौन संबंधों को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक ऐसे लोगों को अपने सेक्स पार्टनर कम करने चाहिए। नए सेक्स पार्टनर बनाने से बचना चाहिए और अपने मौजूदा सेक्स पार्टनर के साथ सारी जानकारियां साझी करनी चाहिए ताकि जरूरत पड़ने पर उसे संपर्क स्थापित किया जा सके। डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि इस बारे में शर्म और भेद-भाव की भावना बीमारी के संक्रमण को और भी बढ़ा सकती है। बता दें कि ब्रिटेन में इस बीमारी के संक्रमण में गे-क्लब का बड़ा रोल रहा है।

डब्ल्यूएचओ ने बताया कि अब तक मंकीपॉक्स के 98 प्रतिशत मामले उन पुरुषों में हैं जो पुरुषों के साथ यौन संबंध रखते हैं। लेकिन किसी को भी मंकीपॉक्स हो सकता है। नजदीकी संपर्क, गले लगना, गले लगाना, चुंबन, संक्रमित बिस्तर और तौलिये का प्रयोग भी मंकीपॉक्स के फैलने का कारण हो सकता है। इसलिए मंकीपॉक्स के संक्रमण से बचने के लिए इन एहतियात का पालन करना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button