
बिरनपुर हिंसा : सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म : पुलिस ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी : ग्रुप एडमिन ध्यान दें वर्ना …
By Dinesh chourasiya
बेमेतरा न्यूज़ 💫बिरनपुर हिंसा के बाद शरारती तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने का काम किया जा रहा है। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। बेमेतरा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर बीरनपुर ग्राम में 6 लोगों की कथित मृत्यु की अफ़वाह फैलायी जा रही है। वास्तविकता यह है कि आज ग्राम बीरनपुर में 2 व्यक्तियों का शव पुलिस द्वारा बरामद कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। ग्राम में सत्यापन कराये जाने पर ग्राम से किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना नहीं है।
कलेक्टर पी. एस. एल्मा ने आमजनों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर चल रही कुछ भ्रामक खबरों पर बिना सत्यापन के विश्वास ना करे और ना ही इसे फ़ॉरवर्ड करे। पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलीसेला ने कहा है कि इस तरह के अफ़वाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख़्त कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि समस्त सोशल साईट्स के ग्रुप एडमिन ध्यान रखें कि उनके ग्रुप का कोई भी सदस्य ग्रुप में गलत खबर, विवादित पोस्ट, विवादित बातें, साम्प्रदायिक सौहार्द्र खराब करने, दो पक्षों में विवाद बढ़ाने, दो गुटों में विवाद बढ़ाने या किसी जातियों के मध्य वैमनस्यता फैलाने संबंधी कोई भी मैसेज, पोस्ट चित्रण या विडियों फैलाता अथवा प्रसारित करता है तो उस व्यक्ति को ग्रुप के सदस्य को ग्रुप एडमिन उक्त बातों को प्रसारित करने के लिये मना करें। न मानने पर उस व्यक्ति को तत्काल ग्रुप से हटा दें। ऐसे पोस्ट करने वाले व्यक्तियों की जानकारी रायपुर पुलिस के कंट्रोल रूम के व्हाट्सएप नंबर 9479191099 में अनिवार्य रूप से सूचित करें।







यदि ग्रुप एडमिन द्वारा उक्त जिम्मेदारी नहीं निभाई जाती है तो ग्रुप एडमिन की भी उस पोस्ट के संबंध में जिम्मेदारी तय की जायेगी। उन पर भी विवादित पोस्ट को प्रसारित करने के संबंध में वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। इसके अतिरिक्त यदि कोई भी व्यक्ति व्हाट्सएप, ट्वीटर, फेसबुक, इन्स्टाग्राम आदि सोशल मिडिया के माध्यम से भ्रामक व असत्य खबरें पोस्ट / शेयर / फारवर्ड / कमेंट करता है, जिससे लोकशांति पर प्रतिकूल प्रभाव हो तो ऐसे व्यक्ति के विरूद्ध भी भारतीय दण्ड संहिता व सूचना प्राद्यौगिकी अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्यवाही की जाएगी। सभी से अपील की गई है कि ऐसे असत्य व भ्रामक खबरों को पोस्ट / शेयर / फारवर्ड / कमेंट करने से बचें।







