CRIMEछत्तीसगढ़

कोर्ट में घुसा तेंदुआ: वकील, पुलिस समेत पांच घायल…जजों ने कमरे में बंद होकर बचाई जान…

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद की जिला अदालत में आज शाम तेंदुआ घुस गया। तेंदुए ने दो वकीलों, पुलिस वाले,जूता पालिश करने वाले समेत पांच लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जजों ने खुद को रेस्ट रूम व कमरे में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना मिलने के बाद अदालत में वन विभाग की टीम पहुँची है। और अदालत के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। 4 घण्टे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुआ पकड़ा गया हैं।

मामला गाजियाबाद के जिला अदालत का है। आज शाम करीबन 4:30 बजे सीजेएम कोर्ट की सीढ़ियों में एक तेंदुआ देखा गया। तेंदुए को देखकर अदालत परिसर में भगदड़ मच गई, लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तेंदुए का वीडियो बना रहे वकील पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आए पुलिस वाले को भी तेंदुए ने घायल कर दिया। तेंदुए के हमले से दो अधिवक्ता, जूता पालिश करने वाले,पुलिस वाले समेत 5 लोग घायल हो गए। जजों ने खुद को रेस्ट रूम में बंद कर अपनी जान बचाई। वकीलों के द्वारा डंडा व कुल्हाड़ी लेकर तेंदुआ को पकड़ने के लिए दौड़ाए जाने पर वह लिफ्ट में घुस गया। फिर निकलकर छत की रेलिंग के पास बैठ गया। तेंदुआ को पकड़ने में नाकाम रहने पर वकीलों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन विभाग का 12 सदस्यीय दल पिंजरा लेकर तेंदुआ को पकड़ने पहुंचा।

घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। वही अदालत परिसर के मुख्य बिल्डिंग के मुख्य द्वार के शटर को बंद कर दिया गया है। अंदर वन विभाग का अमला तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चला रहा था,और बाहर पब्लिक की भीड़ लग गई थी। तेंदुए के आतंक से दहशत में आए 15 जजों ने खुद को रेस्ट रूम में व कमरों में बंद कर लिया था। उन्हें सबसे पहले सुरक्षित बाहर निकाला गया। कोर्ट के बाहर खड़े कोर्ट स्टाफ व वकीलों तथा जजों को तेंदुए के पकड़ में आने का बेसब्री से इंतजार था, 4 घण्टे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तेंदुए को पकड़ कर पिंजरे में बंद कर दिया गया है।

 

Related Articles

Back to top button