
दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र में पोते ने दादी की हत्या की, खून से शिवलिंग को लीपा खुद भी अपनी जान लेने की कोशिश
By Dinesh chourasiya
नंदिनी थाना अंतर्गत शनिवार शाम पोते ने धारदार हथियार से अपनी दादी की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद दादी के खून से शिवलिंग का अभिषेक कर उसके चारों ओर खून से लिपाई भी की। इसके बाद उसने खुद अपनी जान लेने की भी कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस को आरोपी अपने घर के पास अचेत अवस्था में मिला। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है। थाना प्रभारी मनीश शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान ग्राम ननकट्टी निवासी गुलशन गोस्वामी (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने दादा-दादी के साथ रहता था। घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की है।
उस दौरान घर पर आरोपी गुलशन और उसकी दादी रूक्मणि गोस्वामी थी। दादा शिवराज गोस्वामी गांव में घूमने गया था। इस बीच आरोपी ने किसी बात को लेकर अपनी दादी से सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो उन्हें घर के अंदर कमरे में बुजुर्ग की लाश मिली।







आरोपी गुलशन भी अचेत अवस्था में मिला। इस पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र में भेज दिया। घटना स्थल की छानबीन के दौरान पुलिस उनके निजी मंदिर में पहुंचे तो सकते में आ गए। मंदिर में विराजमान शिवलिंग और उसके चारों तरफ खून का लेप था। आरोपी गुलशन के भी दोनों हाथ पूरी तरह खून से भीगे थे। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने हत्या कर दादी के खून से शिवलिंग का अभिषेक किया और खून से लिपाई की होगी। फिलहाल आरोपी के अचेत अवस्था में होने की वजह से पुलिस घटना के संबंध में पूछताछ नहीं कर सकी है।




