
CG में कोयला घोटाला और महादेव सट्टा केस में चालान पेश:EOW ने पेश किया अलग-अलग चालान; होलोग्राम केस में 4 आरोपियों को 31 जुलाई तक जेल
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ कोयला घोटाला और महादेव सट्टा ऐप मामले में ACB- EOW ने शुक्रवार को रायपुर की स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट पेश किया। कोल केस में EOW ने करीब 8 हजार पन्नों का चालान पेश किया। आरोपी मोइनुद्दीन कुरैशी, रोशन कुमार सिंह, पारेख कुमार कुर्रे, राहुल कुमार सिंह और मोंटू उर्फ वीरेंद्र कुमार जायसवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी और समीर विश्नोई की भी कोर्ट में पेशी हुई।
वहीं, महादेव सट्टा ऐप मामले में भी EOW ने कोर्ट में 10 हजार से ज्यादा पन्नों का चालान पेश किया। आरोपी सतीश चंद्राकर, अर्जुन सिंह यादव, भीम सिंह यादव, चंद्रभूषण वर्मा, सुनील दम्मानी समेत 10 आरोपी भी कोर्ट में पेश किए गए।हालांकि चालान में किस आरोपी पर क्या चार्ज लगाया गया है, इसकी जानकारी बाहर नहीं आई है। यह जानकारी सिर्फ कोर्ट, एजेंसी और अभियोजन तक ही सीमित है।







ED के बाद अब ACB कर रही जांच
बता दें कि कोयला घोटाला मामले में इन दिनों ED के बाद अब ACB जांच कर रही है। चालान के माध्यम से आरोप पत्र और मामले से जुड़े सभी तथ्य पेश किए गए। वहीं, गुरुवार को महादेव मामले गिरफ्तार बरखास्त आरक्षक सहदेव यादव को कोर्ट में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद स्पेशल कोर्ट ने उसे 25 जुलाई तक EOW की रिमांड पर भेज दिया।
नकली होलोग्राम केस में 4 आरोपियों को 31 जुलाई तक जेल




नकली होलोग्राम मामले में ईओडब्ल्यू ने गुरुवार को चार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। इसमें प्रिज्म होलोग्राम कंपनी के छत्तीसगढ़ स्टेट हेड दिलीप पांडे, दीपक दुआरी, अमित सिंह, अनुराग द्विवेदी शामिल हैं। 3 दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद इन्हें कोर्ट में पेश किया गया था। चारों आरोपियों को कोर्ट ने 31 जुलाई तक के लिए जेल भेज दिया है।
बता दें कि इससे पहले ये आरोपी एसीबी की 7 दिन की रिमांड पर भी रह चुके हैं। चारों आरोपियों से एक साथ पूछताछ की जा चुकी है।
‘चालान की कॉपी हमें नहीं मिली’
कोल लेवी मामले में बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने कहा कि चालान पेश कर दिया गया है, लेकिन चालान की कॉपी हमें नहीं मिली है। चालान में किए गए एजेंसी के दावों को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। बुधवार को चालान की कॉपी हमें मिलेगी, जिसके बाद ही उसमें दिए गए तथ्यों का पता चलेगा।
जानकारी के मुताबिक कोयला घोटाला केस में निलंबित IAS समीर विश्नोई, मोइनुद्दीन कुरैशी, रोशन कुमार सिंह, पारेख कुमार कुर्रे, राहुल कुमार सिंह, मोंटू उर्फ वीरेंद्र कुमार जायसवाल, लक्ष्मीकांत तिवारी को चालान पेश करने के दौरान कोर्ट लाया गया।
वहीं, सूर्यकांत तिवारी, पूर्व सीएम की उपसचिव सौम्या चौरसिया और निलंबित आईएएस रानू साहू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। चालान के पेश किए जाने का मतलब है कि अभी तक का आरोप पत्र, जांच, सभी तथ्य कोर्ट के सामने रखे गए। अभी इस पर कोई बहस नहीं हुई है।







