
दामाद के साथ शादी करने मंडप में बैठ गई सास! बेटी से तय हुआ था रिश्ता, लेकिन…
आगर मालवाः सरकार बाल विवाह रोकने का हरसंभव प्रयास कर रही है, लेकिन ऐसे मामले थमने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से ऐसे ही नाबालिग लड़की की शादी का मामला सामने आया है। महिला अपनी नाबालिग बेटी की शादी करा रही थी। उसके पति ने पुलिस से शिकायत की। मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य अधिकारियों की टीम ने शादी समझाइश देकर शादी रूकवाई।
दरअसल, जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र में आने वाले मेहंदी गांव एक महिला अपने पिता और भाई के साथ मिलकर अपनी नाबालिग बेटी की शादी कराने जा रही थी। मगर, महिला के पति ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। खबर मिलते ही मौके पर पुलिस जब पहुंची तो महिला खुद दुल्हन बनकर सामने आ गई और कहने लगी कि उसी की शादी हो रही है। मगर, उसकी चालाकी पुलिस के सामने नहीं चली। इसके बाद पुलिस महिला, उसके भाई और उसके पिता को लेकर थाने ले गई।







गुमराह करने की कोशिश करती रही महिला
सूचना मिलने सुसनेर एसडीओपी पल्लवी शुक्ला, नायब तहसीलदार राजेश श्रीमाल, थाना प्रभारी विजय सागरिया व महिला बाल विकास की पर्यवेक्षक काजल गुनावदिया और राधा सिन्हा मेहंदी गांव पहुंचे। महिला ने टीम को गुमराह करने के लिए चालाकी दिखाई और खुद दुल्हन की तरह तैयार होकर मंडप में बैठ गई। मगर, महिला के पति ने उसकी सारी पोल-पट्टी खोल दी। पुलिस की पूछताछ में महिला लगातार गुमराह करने की कोशिश करती रही।








