
शौर्य चक्र से सम्मानित वीर जवानों से मिले उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा की मिसाल बने जवानों को दी बधाई एवं शुभकामनाएं
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 13 जून 2026।




उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित अपने निवास कार्यालय में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से शौर्य चक्र से सम्मानित पुलिस एवं सुरक्षा बल के वीर जवानों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अरुण देव गौतम सहित सम्मानित जवानों के परिजन एवं परिवारजन भी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ एवं देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय देते हुए विषम परिस्थितियों में भी असाधारण वीरता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि इन जवानों का पराक्रम और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा राष्ट्रसेवा की सर्वोच्च भावना का प्रतीक है।

मुलाकात के दौरान श्री शर्मा ने शौर्य चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख एवं 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू के साहसिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने जवानों के परिजनों से भी भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि देशसेवा के इस गौरवपूर्ण दायित्व में परिवारों का त्याग, सहयोग और समर्थन भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि जवानों का पराक्रम।
उप मुख्यमंत्री ने जवानों से उनके साहसिक अभियानों के अनुभवों की जानकारी लेते हुए कहा कि सुरक्षा बलों के इन वीर जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति अपनी अटूट निष्ठा का परिचय दिया है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ पुलिस के इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट एवं इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को 16 अप्रैल 2024 को कांकेर क्षेत्र में नक्सलियों के विरुद्ध संचालित एक बड़े अभियान में उत्कृष्ट नेतृत्व, अद्वितीय साहस और रणनीतिक कौशल का परिचय देने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नक्सलियों का प्रभावी मुकाबला करते हुए महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की थी।
इसी प्रकार 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू को भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र में संचालित घुसपैठ विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अदम्य साहस के साथ मोर्चा संभालने, दुश्मनों को पीछे हटने के लिए विवश करने तथा अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के जवानों के सम्मान, कल्याण एवं उनके परिवारों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सम्मानित जवानों एवं उनके परिजनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका साहस, समर्पण और बलिदान राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च उदाहरण है।







