
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बालोद में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ
क्राइम रिपोर्टर रितेश कुमार की खबर








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर ( पत्रकार )
बालोद, 12 जून 2026। केंद्र में मोदी सरकार के सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा नगर पालिका परिषद कार्यालय बालोद परिसर स्थित पुराने टाउन हॉल में 12 से 14 जून तक तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी का शुभारंभ शुक्रवार को जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया।





प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, राकेश यादव ‘छोटू’, प्रेम साहू, कमल पंपालिया एवं बलराम गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद के उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, पार्षद गोमती रात्रे, गोकुल ठाकुर, प्रीतम यादव, कांति साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, एसडीएम नूतन कंवर, तहसीलदार आशुतोष शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में छायाचित्रों एवं एलईडी स्क्रीन के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जा रही है। इसमें लखपति दीदी योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, विकसित भारत संकल्प यात्रा सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
आगंतुकों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन कर सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा आयोजन की सराहना की। इस दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला जनसंपर्क कार्यालय के सोशल मीडिया समन्वयक तनवीर खान, सहायक ग्रेड-03 मनीष यादव, राजेन्द्र कुंजाम, घनश्याम चंद्राकर, हुलेश रजक सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।




