
भालूकोन्हा के कबड्डी खिलाड़ियों को मिली बड़ी सौगात, 180 कबड्डी मैट प्रदान कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, मैट लेकर जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण का अवसर, खेल सुविधाओं से मजबूत होगी कबड्डी की नई पीढ़ी








रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 12 जून 2026।




जिले के गुण्डरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम भालूकोन्हा के कबड्डी खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत 180 कबड्डी मैट प्रदान किए गए। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं अपर कलेक्टर तथा प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री चंद्रकांत कौशिक ने खिलाड़ियों को कबड्डी मैट उपलब्ध कराते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के विशेष प्रयासों से ग्राम भालूकोन्हा के कबड्डी खिलाड़ियों के लिए 180 कबड्डी मैट की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण, सुरक्षित अभ्यास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है तथा ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई ऊर्जा मिली है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि कबड्डी हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण अंचलों में इस खेल के प्रति युवाओं का विशेष लगाव देखने को मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर खिलाड़ी उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भालूकोन्हा के खिलाड़ी भविष्य में जिले, राज्य एवं देश का नाम गौरवान्वित करेंगे।
कलेक्टर ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, खेल भावना और अनुशासन को अपनी सफलता का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम है, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का भी सशक्त मंच है।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्रीमती मिश्रा एवं प्रभारी जिला खेल अधिकारी श्री कौशिक ने कबड्डी मैट लेकर जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर ग्राम भालूकोन्हा के लिए रवाना किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर कबड्डी खिलाड़ी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके खेल जीवन के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।







