भिलाई निगम का उप सभापति सलमान इंजीनियर फर्जी जाति प्रमाणपत्र से बना पार्षद :आरटीआई से खुलासे के बाद नेता प्रतिपक्ष ने की थाने में शिकायत
By Dinesh chourasiya

भिलाई नगर पालिक निगम के उप सभापति और वार्ड 35 के पार्षद इंजीनियर सलमान के खिलाफ कूटरचना करके फर्जी जाति प्रमाण पत्र के बल पर चुनाव लड़ने का आरोप लगा है। आरटीआई से जानकारी लेने पर पता चला है कि इंजीनियर सलमान ने ओबीसी आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के लिए जो जाति प्रमाण पत्र लगाया है, वो किसी नोमिता देशमुख के नाम पर जारी किया गया है। अब इसकी शिकायत भाजपा पार्षदों ने सुपेला थाने और नगर निगम के आयुक्त से की है।
निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने बताया कि इंजीनियर सलमान का जाति प्रमाण पत्र पूरी तरह से फर्जी है। उसने दूसरे के जाति प्रमाण पत्र पर अपना नाम दर्शाकर उसे निर्वाचन आयोग में जमा किया है। उन्होंने बताया कि इंजीनियर सलमान ने ओबीसी आरक्षित वार्ड 35 से पार्षद चुनाव लड़ने के लिए जो जाति प्रमाणपत्र जमा किया है, उसका डिस्पैच नंबर 21/05 है। जब आरटीआई से उसकी जानकारी मांगी गई, तो तहसीलदार नजूल शाखा से बताया कि उस नंबर का जाति प्रमाण पत्र नोमिता देशमुख के नाम पर जारी हुआ है।







पीयूष मिश्रा, विनोद सिंह, वीणा चंद्राकर, दया सिंह सहित सभी भाजपा पार्षदों ने कहा कि आरक्षण का लाभ लेने के लिए पार्षद सलमान ने झूठा जाति प्रमाण पत्र बनवाया है। ऐसा करके उसने न सिर्फ निर्वाचन आयोग बल्कि वार्ड के लोगों से धोखा किया है। इस पूरे मामले में सभी पार्षदों ने मिलकर संभागायुक्त, निगम कमिश्नर, एसएसपी सहित वैशाली नगर थाने में लिखित शिकायत की है। उन्होंने पार्षद सलमान पर सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज करने और निगम एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे पार्षद पद से बर्खास्त करने की मांग की है।

निगम में हुए गलत कार्यों और भ्रष्टाचार को लेकर बड़ी लड़ाई की तैयारी
भाजपा की सरकार राज्य में आने के बाद भाजपा पार्षदों ने निगम में हुए भ्रष्टाचार और बिना नियम के कार्यों को लेकर बड़ी लड़ाई लड़ने के तैयारी कर ली है। उनका कहना है कि वो एक-एक करके सभी मुद्दों को उठाएंगे। उसकी जांच शासन स्तर से कराएंगे और इसमें जो भी शामिल होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवाएंगे। नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों ने सत्ता के बल पर निगम के नियमों को ताक पर रखकर काम किया है। इस सभी कार्यों की जांच कराकर वो उनके खिलाफ कार्रवाई करवाएंगे।











