
जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर जिला वाहन चोर गिरोह हत्थे चढ़ गया। पकड़े गए चार आरोपियों के कब्जे से 6 वाहन बरामद हुए हैं। आरोपियों में दो खरीदार भी शामिल हैं। इन्होंने सभी वाहनों को अलग-अलग थाना क्षेत्र से चोरी किया था। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है
एएसपी क्राइम अनुराग झा ने बताया कि आरोपियों ने सुपेला, उतई, भिलाई नगर समेत जीआरपी दुर्ग क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। शहर में लगातार बढ़ती वाहन चोरी की घटना पर लगाम लगाने संयुक्त टीम बनाई थी। इस बीच जेल से रिहा हुए पूर्व आदतन अपराधियों पर भी निगरानी रखी जा रही थी। इस दौरान उतई हथखोज पारा निवासी चेतन डहरे अपने साथी डुंडेरा निवासी रितेश कुमार कुर्रे उर्फ भक्का के साथ उतई खोपली के पास एक बाइक को बेचने ग्राहक की तलाश कर रहा था। आशंका पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि दोनों ने मिलकर उतई में जोरातराई बीएसपी गेट के पास, चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल, बेरोजगार तिराहा सेक्टर-6, दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास कुल 6 वाहन चोरी किए। इन वाहनों में से चार उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर छुपाकर रख रखा था। दो वाहनों सेक्टर-7 निवासी कार्तिक चोपड़ा और समोदा निवासी दुर्गेश चौहान को बेचने जानकारी दी।














