अखिल-भारतीय पुलिस-प्रतियोगिता…देशभर से 33 टीमें ले रहीं हिस्सा:दुर्ग में गृहमंत्री बोले-जल्द जारी होगा SI भर्ती परीक्षा का रिजल्ट,
By Dinesh chourasiya

विजय शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के समय SI भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। उस सरकार ने 4 साल तक रिजल्ट को रोके रखा। अब भाजपा की सरकार आई है।
रिजल्ट के लिए शासन स्तर पर बातचीत जारी है। जल्द ही इसका रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। समय पूछने पर उन्होंने कहा कि जब 4 साल इंतजार किए हैं तो थोड़ा समय और इंतजार कर लें।








1500 से अधिक खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे
दरअसल, विजय शर्मा अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगता शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे। विजय शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए इतने बड़े आयोजन की मेजबानी करना गौरव की बात है। आयोजन में देशभर से अलग अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेश और केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। 1500 से अधिक खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे।
ये आयोजन पूरी खेल भवना और भाईचारे के साथ हो इसके लिए प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई में मार्च पास्ट और शपथ दिलाकर AIPWC 2024-25 प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।





देशभर से 33 टीमें ले रहीं हिस्सा
आयोजन में देश भर से अलग अलग राज्यों, केन्द्रीय शासित प्रदेश और केन्द्रीय सुरक्षा बलों की 33 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें बीएसफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, सीआरपीएफ, आन्ध्र प्रदेश, आरपीएफ, असम, दिल्ली, पुदुचेरी, बिहार, छत्तीसगढ़, वेस्ट बंगाल, चंडीगढ, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के खिलाड़ी पहुंचे हैं।
तेलंगाना, सीबीआई, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तमिल नाडू, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट, मणीपुर, जम्मू-कश्मीर, सिक्किम, राजस्थान, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा और आईटीबीपी की टीमें शामिल हैं। इसमें कुल 1500 से अधिक कोच और खिलाड़ी पहुंचे हैं।

इन जगहों पर हो रहा है खेलों का आयोजन
खेलों का आयोजन भिलाई के तीन अलग-अलग स्थानों में होना है, जिसमें अग्रसेन भवन सेक्टर-6 में योगा, जैन भवन सेक्टर-6 में पावर लिफ्टिंग और महाराष्ट्र मंडल सेक्टर-4 में वेटलिफ्टिंग का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रथम अखिल भारतीय वेटलिफ्टिंग क्लस्टर में आयोजित पावरलिफ्टिंग (पुरुष/महिला) में कुल 8 इवेन्ट, वेटलिफ्टिंग (पुरुष/महिला) में कुल 10 इवेंट और योगा (पुरुष/महिला) के विभिन्न 5 इवेंट के अलग-अलग उम्र में हिस्सा लेकर कुल 312 मेडल्स के लिए प्रतिस्पर्धा होगी। छत्तीसगढ़ पुलिस के 50 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
बता दें कि शुभारंभ कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश वर्मा, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अतरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद, एसआरपी कल्लूरी, आनंद छाबड़ा, ओपी पॉल, अजय यादव, बीएस ध्रुव, दुर्ग आईजी रामगोपाल गर्ग शामिल हुए।
साथ ही राजनांदगांव आईजी दीपक झा, उप पुलिस महानिरीक्षक छसबल डी. श्रवण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर संतोष सिंह, खेल अधिकारी प्रथम वाहिनी छसबल राजेश अग्रवाल, दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला और प्रफुल्ल ठाकुर, सेनानी चौथी वाहिनी छसबल उपस्थित रहे।




