Uncategorized

By Dinesh chourasiya

रायपुर जेल में देवेंद्र समर्थकों-पुलिस में झड़प, जेल प्रहरी ने निकली बंदूक:बलौदाबाजार हिंसा में विधायक को जेल 21 अगस्त को कांग्रेस करने जा रही है बड़ा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार हिंसा मामले में गिरफ्तार विधायक देवेंद्र यादव को 3 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने शनिवार को भिलाई स्थित निवास से कांग्रेस विधायक को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में 21 अगस्त को कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी।

भूपेश बघेल ने कहा, पुलिस से कहना चाहता हूं कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन ऐसा कोई काम ना करो, जिससे आपको नजरें मिलाने में दिक्कत हो। वहीं सीएम विष्णु देव साय ने कहा है कि, यह कोई राजनीतिक षड्यंत्र नहीं है। पुलिस ने सोच-समझ के कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि, विधायक देवेंद्र यादव छोटा-मोटा आदमी नहीं है।

रायपुर सेंट्रल जेल लाए जाने के दौरान विधायक देवेंद्र यादव हाथ में संविधान की कॉपी पकड़कर दिखाते रहे।
जब करीब 50 की संख्या में कार्यकर्ता जेल बिल्डिंग के मेन एंट्रेंस गेट तक जा पहुंचे। तब वहां खड़े प्रहरी ने 303 रायफल निकाली और जोर से हटो कहकर कार्यकर्ताओं के सामने तान दी।

रायपुर जेल में बवाल, प्रहरी ने तानी बंदूक

देर रात पुलिस कांग्रेस विधायक देवेंद्र को रायपुर सेंट्रल जेल लेकर पहुंची। विधायक संविधान की कॉपी भी हाथ में पकड़े हुए थे और उसे दिखाते रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद थे। पुलिस और समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता कैंपस में घुस गए। हालात बिगड़ते देख जेल प्रहरी ने कार्यकर्ताओं पर बंदूक तान दी। 

21 को हल्ला बोल, 20 को विधायक दल की बैठक

देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस 21 अगस्त को बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इससे पहले 20 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरण दास महंत ने विधायक दल की बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 10:30 बजे विधानसभा में होगी। इसमें सभी कांग्रेस विधायकों को शामिल होने के लिए कहा गया है। 

जानिए देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी पर क्या बोले नेता…

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि, सतनामी समाज को न्याय दिलवाने में नाकाम साबित हुई राज्य की भाजपा सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है।

भूपेश बोले- गृहमंत्री के इशारे पर कार्रवाई

पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि देवेंद्र यादव पर जितनी धाराएं लगाई गई हैं, पुलिस को एक साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहिए। गृहमंत्री कहते हैं पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन विधायक जेल में है। मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के निर्देश से कार्रवाई हो रही है।

गिरफ्तारी से पहले भिलाई में क्या-क्या हुआ?

बलौदाबाजार पुलिस भिलाई विधायक देवेंद्र यादव के घर पहुंची थी। वहां पहले से ही निवास के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। उसने पुलिस को अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी उनके निवास पहुंचे गए।

दीपक बैज, अरुण वोरा समेत कई नेताओं के आने के बाद पुलिस अफसरों से करीब 2-3 घंटे बातचीत चली। इसके बाद देर शाम पुलिस बल बुलाया गया। गिरफ्तारी से पहले देवेंद्र यादव सफेद झंडा और संविधान पकड़कर जोश में लड़ेंगे-लड़ेंगे कहते दिखे।

आखिरकार देवेंद्र यादव को उनके आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प भी हुई​​, लेकिन विधायक को लेकर टीम बलौदाबाजार रवाना हो गई।

Related Articles

Back to top button