
देश-विदेश
केदारनाथ धाम में मोबाइल पर लगा प्रतिबंध
केदारनाथ धाम में अब श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालु अब न तो तस्वीरें ले सकेंगे और न वीडियो बना सकेंगे। ये फैसला बद्री-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने लिया है। दरअसल,कुछ दिनों पहले एक महिला ब्लॉगर ने मंदिर परिसर के सामने अपने प्रेमी को प्रपोज किया था। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने नाराजगी जाहिर की थी।
इसी को लेकर मंदिर समिति ने यह फैसला लिया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को मंदिर में शालीन कपड़े पहनकर आने के लिए भी कहा गया है। साथ ही मंदिर परिसर में तम्बू या शिविर न लगाने का निर्देश दिया गया है। आदेशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।













