छत्तीसगढ़

कांग्रेस नेता के होटल के लिए बनाई सड़क:भिलाई निगम ने सांसद मद से 25 लाख की सीसी रोड बना दी,भाजपा बोली-जनता के साथ धोखा

By Dinesh chourasiya

कांग्रेस नेता का होटल, दूसरी ओर सड़क का उद्घाटन करती हुई सांसद।

भिलाई नगर निगम ने राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन के मद से कांग्रेस नेता के होटल को फायदा पहुंचाने के लिए 25 लाख रुपए की सीसी रोड बना दी है। इस सड़क का उद्घाटन बुधवार को खुद सांसद ने किया। इसके बाद से दुर्ग जिले की राजनीति गरमा गई है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि शहर की कई बस्तियों में सड़क चलने लायक नहीं है और बारिश के समय में तो हालत सबसे ज्यादा खराब रहती है। गली, मोहल्लों में पक्की सड़क नहीं होने से लोगों को आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इन सबके बीच कांग्रेस अपने नेताओं और कारोबारियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है।

राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन ने किया सड़क का लोकार्पण।
राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन ने किया सड़क का लोकार्पण।

भिलाई नगर निगम मुख्यालय के ठीक बगल से शिवनाथ कॉम्प्लेक्स स्थित है। इस बिल्डिंग में कई बड़े होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। इसमें कांग्रेस नेता सुभाष साव के दो होटल भी हैं। कुछ सालों पहले तक जो नगर निगम होटल में पार्किंग स्थल का दूसरा उपयोग और कॉम्प्लेक्स की सड़क पर पार्किंग कराने पर नोटिस दे रहा था। जुर्माने की कार्रवाई कर रहा था। उसी निगम ने इस होटल तक गाड़ियों के पहुंचने और वाहनों की पार्किंग के लिए राज्य सभा सांसद के मद से 25 लाख की लागत से सीसी रोड बना दिया है।

सांसद रंजीत रंजन के उद्घाटन करने के बाद जब विपक्षी दल ने इस मुद्दे को उठाया तो निगम सफाई देता फिर रहा है। अफसरों की माने तो पूरे शहर में सड़कों का निर्माण हो रहा है। उसमें एक ये सड़क भी थी। इस रोड से केवल कांग्रेसी नेता को ही नहीं अन्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों को भी फायदा पहुंचा है। वहीं होटल कारोबारी और कांग्रेस नेता सुभाष साव का कहना है कि सड़क निर्माण से केवल उन्हें ही नहीं सभी को फायदा पहुंचा है। उनका नाम लेकर केवल मुद्दा बनाया जा रहा है।

शिवनाथ कॉम्प्लेक्स के पास और भी सड़कें है बदहाल
जिस शिवनाथ कॉम्प्लेक्स में निगम ने सीसी रोड का निर्माण किया है वहां और भी कई सड़कें ऐसी हैं जो काफी खराब हो चुकी हैं। वहां भी बड़े-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं जो निगम को बड़ा टैक्स देते हैं। ऐसे में निगम ने सिर्फ कांग्रेस नेता के होटल के आसपास ही आधी-अधूरी सड़क बनाई ये समझ से परे हैं। भाजपा पार्षदों का कहना है कि निगम सिर्फ अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है।

कांग्रेस नेता के होटल में हुआ लोकार्पण कार्यक्रम।
कांग्रेस नेता के होटल में हुआ लोकार्पण कार्यक्रम।

कांग्रेस नेता के होटल में हुआ पूरा आयोजन
नगर निगम ने सांसद निधि से कांग्रेस नेता को सीसी रोड की सौगात दी तो कांग्रेस नेता ने भी राज्य सभा सांसद ने भी उनके दौरे का कार्यक्रम अपने होटल में ही करा दिया। आलीशान आयोजन को देखकर राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन काफी खुश दिखीं, लेकिन शायद उन्हें ये नहीं पता था कि गरीबों के हित की बात करने वाली सांसद के मद से निगम ने गरीब को नहीं बल्कि व्यावसायियों को पायदा पहुंचा है।

भोजराज सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष भिलाई नगर निगम।
भोजराज सिन्हा, नेता प्रतिपक्ष भिलाई नगर निगम।

निगम के नेता प्रतिपक्ष ने भूमि पूजन के समय ही किया था विरोध
भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा का कहना है कि जब इस सड़क का भूमि पूजन किया गया था, उसी समय उन्होंने निगम आयुक्त से इसका विरोध किया था। उनका कहना है कि जब साइट का निरीक्षण किया तो देखा कि वहां रोड आधी बनी है। नेशनल हाईवे से लेकर सड़क को कांग्रेस नेता के होटल तक ही बनाया गया है, जबकि आगे की सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे सभी व्यावसायियों को फायदा न पहुंचकर केवल कुछ होटल व्यावसायियों को ही फायदा पहुंचा है।

गली, मोहल्लों की ऐसी हालत है जहां बारिश के दिनों में ज्यादा परेशानी होती है।
गली, मोहल्लों की ऐसी हालत है जहां बारिश के दिनों में ज्यादा परेशानी होती है।

भोजराज के मुताबिक बीजेपी इसकी फाइल तैयार कर रही है। वो इस पूरे मामले की जांच की मांग करेगी। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी निगम के आयुक्त और महापौर की बनती है। शहर की गरीब जनता गरीबी के बाद भी राजस्व पटाती है, इसके बाद भी विकास उनके यहां न करके कुछ लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। भाजपा इस मुद्दे को जरूर उठाएगी।

कैंप और आर्य नगर कोहका की सड़कों का हाल।
कैंप और आर्य नगर कोहका की सड़कों का हाल।

शहर की कई बस्तियों में सड़क चलने लायक नहीं
भास्कर ने जब आर्य नगर कोहका, कैंप और वैशाली नगर की सड़कों का दौरा किया तो पाया कि वहां की सड़कें चलने लायक नहीं है। यहां हजारों लोग निगम को टैक्स देते हैं, लेकिन इनकी सुविधाओं का जरा भी ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों का कहना है कि रोड में इतने गड्ढे हैं कि सड़क अब दिखाई ही नहीं दे रही है। बारिश का मौसम आने वाला है। उस समय तो ये सड़क चलने लायक ही नहीं बचेगी। निगम में और क्षेत्र के पार्षदों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

शहर का समान रूप से किया जा रहा है विकास
भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल का कहना है कि राज्य सभा सांसद के मद से 25 लाख रुपए की राश मिली थी। निगम ने सिर्फ शिवनाथ कॉम्प्लेक्स ही नहीं पूरे शहर के विकास का खाका तैयार किया है। सभी खराब सड़कों को बनाया जा रहा है। इससे शहर की जनता को समान लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button