
नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2021-23 के फाइनल मुकाबले से एक दिन पहले बीच मैदान में ही प्रैक्टिस सेशन छोड़कर चले गए। रोहित प्रैक्टिस के दौरान अपने बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगा बैठे, इसके बाद उनके अंगूठे पर टेप बंधा हुआ नजर आया। ऐतिहात के तौर पर रोहित ने बीच में ही प्रैक्टिस सेशन छोड़ दिया।
डब्ल्यूटीसी का खिताबी मुकाबला 7 जून से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाना है। भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही इस खिताब को जीतने के लिए बेताब हैं। भारत ने 2013 के बाद से कोई भी आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है और रोहित इस सूखे को जरूर खत्म करना चाहेंगे।







बता दें कि टीम इंडिया और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही लगातार तीन दिन से लंदन के द ओवल मैदान पर जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं। यह डब्ल्यूटीसी का दूसरा संस्करण है, पहला संस्करण 2019-2021 में खेला गया था, जहां खिताबी मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ था। भारत लगातार दूसरी बार डब्ल्यूटीसी के फाइनल में पहुंचा है। भारत के लिए आज ऑप्शनल ट्रेनिंग सेशन था, इस दौरान कप्तान रोहित ने पिच का ब्यौरा भी लिया। डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले टीम इंडिया के सामने सबसे बड़ा जो सवाल है, वह यह है कि क्या टीम इंडिया आर अश्विन और रविंद्र जडेजा को साथ प्लेइंग XI में उतारेगा?






