
CG घर में घुसकर महिला से गैंगरेप:यूपी से मजदूरी करने आए 5 लोगों ने किया दुष्कर्म पुलिस ने पांच आरोपियों को भेजा जेल
By Dinesh chourasiya
सूरजपुर के विश्रामपुर में एक महिला के साथ गैंगरेप हुआ है। घटना बुधवार रात की है जब पीड़िता का पति काम से बाहर गया था तभी गांव के ही 4-5 लोगों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
विश्रामपुर थाना पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी उत्तरप्रदेश से आकर रेलवे स्टेशन के पास एक बस्ती में रह रहे थे।








ये है पूरा मामला
35 वर्षीय पीड़िता अपने पति के साथ पिछले तीन साल से किराए के मकान में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रही है। घटना के समय उसका पति चार दिन से घरेलू काम के लिए कोरिया जिले स्थित अपने गांव गया हुआ था।
पीड़िता के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे मोहम्मद गुलाम कादिर और ठुठूवा नाम के दो व्यक्ति उसके घर आए और पति के बारे में पूछताछ की।




आधी रात को जब वह घर के बाहर गुड़ाखू कर रही थी, तभी कादिर और ठुठूवा अपने तीन अन्य साथियों के साथ आए और उसे धक्का देकर घर के अंदर ले गए, जहां सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने थाने में की शिकायत
घटना के बाद पीड़िता ने अपनी बहन को पूरी बात बताई, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराया गया। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1), 331(8) (सामूहिक बलात्कार के लिए सजा) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
आरोपियों ने कबूला अपना जुर्म
विश्रामपुर थाना प्रभारी अलरिक लकड़ा ने पुलिस टीम के साथ तत्काल दबिश देकर गुलाब कादिर और ठुठूवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की बात स्वीकार की।
आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
वारदात में शामिल गुलाब कादिर (40) अफसर अली उर्फ ठुठूवा (34) मोहम्मद इस्लाम (55) आजाद ललन (25) मोहम्मद रमजान (50) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी मुख्यत: उत्तरप्रदेश के है लेकिन विश्रामपुर में मजदूरी करते है। न्यायालय ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है।
………………………………………………………….




