छत्तीसगढ़

भिलाई निगम को दुर्ग कलेक्टर की दो टूक घर से कचरा उठाने के बाद घर मालिक से सुपरवाइजर रजिस्टर में कराएंगे साइन …. सूखा और गीला कचरा अलग अलग उठाने का भी निर्देश घर के बाहर या दुकान के बाहर कचरा फैलाने वाले के ऊपर भी होगी कार्यवाही और जुर्मान भी 

By Dinesh chourasiya

दुर्ग कलेक्ट्रेट की बैठक में गुरुवार को नगरीय निकाय के कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने सभी निकायों में सुखा व गीला कचरा अलग-अलग कर घरों से इकट्‌ठा करने कहा, ताकि कचरे का निपटारा योजनाबद्ध तरीके से किया जा सके। इसके लिए उन्होंने विशेष अभियान चलाने की बात कही।

कलेक्टर ने डोर टू डोर कचरा लेकर जाने वाली स्वच्छता दीदियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि घर से निकलने वाले गीले कचरे, फलों के छिलके, खराब सब्जी व बचे या खराब हो चुके खाद्य पदार्थ से खाद बनाने नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। खुली जगह पर कचरा फेंकने और गीला व सूखा कचरा एक साथ देने पर 50-50 रुपए अर्थदंड वसूलने भी कहा। कलेक्टर ने गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के साथ जुर्माना लगाने निर्देश दिए।

कचरा उठाने वाली गाड़ियों की रोज होगी निगरानी
कलेक्टर ने कहा कि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन हो रहा है या नहीं, इसके लिए सुपरवाइजर रोज मॉनिटरिंग करें। जहां से कचरा ले रहे हैं वहां सुपरवाइजर का काम है कि वह उस घर में जाकर उनसे रजिस्टर में हस्ताक्षर कराएं। हेड सुपरवाइजर के माध्यम से घरों में कचरा गाड़ी की मॉनिटरिंग की जाए। भिलाई निगम आयुक्त ने बताया कि हर घर में डोर टू डोर क्यूआर कोड लगाया जा रहा है, जिससे उसकी मॉनिटरिंग होगी। इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।

जल जीवन मिशन से 374 गांवों में नल कनेक्शन
बैठक के दौरान जिले में जल जीवन मिशन के कार्य की भी प्रगति की समीक्षा की गई। सभी गांवों में योजना के तहत काम शुरू हो गया है। जिन गांवों में काम अधूरा है, उसे जल्द पूरा कराने निर्देश दिए। जल प्रदाय योजना के तहत चंदखुरी, जेवरा, निकुम, पथरिया, ओदरागहन, अमलेश्वर, कौही, अंजोरा ढाबा में निविदा का कार्य प्रगति पर है। अफसर ने बताया कि जिले में 385 पंचायत में 374 में योजना के तहत नल कनेक्शन दिए गए हैं। 146 गांवों में रिट्रोफिटिंग स्कीम के अंतर्गत काम हो रहे।

नाला-नालियों की सफाई के लिए अभियान तेज करें
बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने नाला नालियों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने कहा। खुले क्षेत्रों में कचरा डंप नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही जमा कचरे का भी निराकरण करने को कहा। उन्होंने बाजार परिसर में पेवर ब्लॉक, वाटर एटीएम, सार्वजनिक टायलेट, सीसीटीवी कैमरा, पौधरोपण और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर करने निर्देश दिए। साथ ही वेंडिंग जोन बनाने कहा, ताकि लोगों को भटकना न पड़े। पब्लिक टॉयलेट, सड़क, नाली, गार्डन आदि की नियमित सफाई कराने कहा।

Related Articles

Back to top button